अरवल: परासी थाना पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान, कागजात व हेलमेट की हुई चेकिंग; नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना
वाहन जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
परासी थाना पुलिस ने कलेर प्रखंड में सड़क सुरक्षा को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई, जिसमें एक को ₹1000 का जुर्माना भी भरना पड़ा. पुलिस ने वाहन चालकों को आवश्यक कागजात रखने और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी.
Arwal News: जिले के कलेर प्रखंड अंतर्गत परासी थाना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से सोमवार की सुबह सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. थानाध्यक्ष मोहम्मद सेराज के नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना गेट के मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वहां से गुजरने वाले सभी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली. इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, बीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट की गहनता से जांच की गई.
आपके शहर में
नियमों की अनदेखी पर काटा चालान, चालकों को सख्त हिदायत
जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन चालक से मौके पर ₹1000 (एक हजार रुपये) का शमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया. वहीं कई अन्य वाहन चालकों को मामूली खामियों पर चेतावनी देते हुए भविष्य में सभी वैध कागजात साथ रखने और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया. पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से सड़क पर बिना हेलमेट और अधूरे कागजात के साथ फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया.
सड़क सुरक्षा व हादसों पर रोक लगाना मुख्य उद्देश्य: थानाध्यक्ष (कोट)
"वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार यह विशेष जांच अभियान चलाया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है. दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग करें. साथ ही सभी आवश्यक वैध कागजात हमेशा साथ रखें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा." — मोहम्मद सेराज, थानाध्यक्ष, परासी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए