जहानाबाद: स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज से लेकर जलापूर्ति, सीवरेज और छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद डीएम ने लंबित नाला निर्माण में तेजी लाने, अमृत जलापूर्ति के लिए भूमि उपलब्ध कराने और छठ पर्व से पहले घाटों की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन

Jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में नगर विकास एवं नगर निकायों से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, अमृत जलापूर्ति योजना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी संरक्षण, छठ घाटों की तैयारी और विद्युत शवदाह गृह समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

18-20 स्थलों पर ड्रेनेज प्रस्तावित, पांच जगह ही शुरू हुआ काम

समीक्षा में पाया गया कि नगर क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का कार्य करीब 18 से 20 स्थलों पर प्रस्तावित है, लेकिन फिलहाल पांच स्थलों पर ही काम चल रहा है. धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई. उन्होंने लंबित स्थलों पर तत्काल काम शुरू कराने, एजेंसी को पर्याप्त टीम लगाकर कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश दिया. कार्य में शिथिलता को लेकर संबंधित अभियंताओं से स्पष्टीकरण लेने को भी कहा गया.

22-23 अगस्त तक उपलब्ध कराएं जल टैंक के लिए जमीन

अमृत जलापूर्ति योजना की समीक्षा के दौरान ओवरहेड वाटर टैंक निर्माण के लिए जरूरी भूमि की उपलब्धता पर चर्चा हुई. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को चिन्हित करीब 7 से 8 हजार वर्गफीट भूमि अनापत्ति प्रमाण-पत्र के साथ 22-23 अगस्त तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो.

सीवरेज प्लांट की भूमि का मामला जल्द सुलझाने का निर्देश

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए चिन्हित भूमि से जुड़े लंबित मामले का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने संबंधित पक्षों की सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर मामले का समाधान सुनिश्चित करने को कहा.

हर घर से शत-प्रतिशत कचरा उठाव पर जोर

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी नगर निकायों में डोर-टू-डोर शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. रंग-कोडित डस्टबिन के उपयोग, कचरा उठाव वाहनों की जीपीएस टैगिंग और सभी वार्डों की मैपिंग कराने को कहा गया. स्वच्छता व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया.

नालों से नदी में कचरा जाने से रोकने के लिए लगेंगी जालियां

नदी संरक्षण को लेकर डीएम ने निर्देश दिया कि जिन नालों का पानी नदी में गिरता है, वहां जालियां लगाई जाएं, ताकि ठोस कचरा नदी में नहीं पहुंचे. किए गए कार्यों का फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराने को कहा गया. मोरहर नदी में करीब छह किलोमीटर तक उड़ाही से संबंधित प्रस्ताव और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई.

छठ घाटों की सफाई और रोशनी का काम अभी से शुरू करने का निर्देश

आगामी छठ महापर्व को देखते हुए डीएम ने घाटों और मंदिर परिसरों की सफाई एवं रंग-रोगन का काम अभी से शुरू करने को कहा. घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. नदी किनारे उपलब्ध खाली भूमि पर पार्क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर नमामि गंगे के तहत संबंधित विभाग को भेजने को भी कहा गया.

विद्युत शवदाह गृह 15-20 दिनों में चालू कराने का आदेश

बैठक में करीब 7 से 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्युत शवदाह गृह के अब तक चालू नहीं होने पर डीएम ने गंभीर नाराजगी जताई. उन्होंने नगर परिषद को अविलंब हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने, निर्माण संबंधी त्रुटियों को एजेंसी से दूर कराने और 15 से 20 दिनों के भीतर विद्युत शवदाह गृह को क्रियाशील करने का निर्देश दिया.

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, नदी किनारे नए निर्माण पर रोक

सभी नगर निकायों को साइनबोर्ड, मार्केटिंग फेडरेशन के आउटलेट और मत्स्य बिक्री के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने और लगाए गए जुर्माने का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया. जिला गंगा समिति की जानकारी के बिना नदी तट पर किसी प्रकार का नया निर्माण नहीं कराने का भी निर्देश दिया गया.

डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर विकास से जुड़े कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जाए. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीपीओ नमामि गंगे और सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन