स्टार्टअप बिहार से युवाओं को मिला कारोबार बढ़ाने का मंत्र, 375 प्रतिभागियों ने सीखे बाजार तक पहुंच के गुर

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में शामिल छात्र | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में स्टार्टअप स्केल अप और मार्केट एक्सेस कार्यशाला का आयोजन, युवाओं को उद्यमिता के लिए किया गया प्रोत्साहित।

विज्ञापन

Jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता, विभागीय जांच विनय कुमार सिंह ने हुलासगंज स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के स्टार्टअप सेल द्वारा आयोजित ‘स्केल अप एंड मार्केट एक्सेस’ कार्यक्रम में भाग लिया. बिहार सरकार के उद्योग विभाग के स्टार्टअप बिहार के दिशा-निर्देश एवं जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और भावी उद्यमियों को उद्यमिता, नवाचार, बाजार तक पहुंच और स्टार्टअप विस्तार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देना था. कार्यक्रम में करीब 375 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्थानीय समस्याओं से निकालें कारोबार का आइडिया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने युवाओं से स्थानीय संसाधनों और स्थानीय समस्याओं पर आधारित नए आइडिया विकसित करने का आह्वान किया. उन्होंने उत्पाद की गुणवत्ता, मार्केटिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने तथा छोटे स्तर से शुरुआत कर कारोबार को बड़े बाजार तक पहुंचाने की सलाह दी.

‘स्टार्ट लोकल, स्केल ग्लोबल’ पर जोर

अपर समाहर्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों और नव उद्यमियों को उद्योग जगत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. युवाओं को ‘स्टार्ट लोकल, स्केल ग्लोबल’ की सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सही नवाचार, बेहतर उत्पाद और प्रभावी मार्केटिंग के जरिए स्थानीय स्तर पर शुरू किए गए उद्यम को बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सकता है.

सरकारी योजनाओं और बाजार की रणनीति की दी जानकारी

जिला उद्योग केंद्र के चंद्रेश्वर राम और एमएसएमई मित्र रितेश कुमार समेत अन्य प्रतिनिधियों ने युवाओं को बिहार सरकार और उद्योग विभाग की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी. इसके साथ ही कारोबार को आगे बढ़ाने, मार्केटिंग करने और बाजार तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई.

स्टार्टअप्स ने उत्पाद और डिजिटल प्लेटफॉर्म किए प्रदर्शित

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय के स्टार्टअप सेल से जुड़े विभिन्न स्टार्टअप्स और उनके संस्थापकों द्वारा उत्पादों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन रहा. मेन्सत्रो केयर ने अपना नया पोर्टल लॉन्च किया. राहुल कुमार ने अपनी स्टार्टअप यात्रा साझा करते हुए बीओक्यू वेब पोर्टल लॉन्च किया. हरियाली कार्ट ने तकनीकी अनुभव और बाजार तक पहुंच बनाने की रणनीति साझा की, जबकि स्टार्च लिंक ने आलू से निर्मित स्टार्च आधारित उत्पाद का प्रदर्शन किया.

मार्केटिंग, ब्रांडिंग और नेटवर्किंग पर हुआ मंथन

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नव उद्यमियों को बाजार की समझ, उत्पाद विकास, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और नेटवर्किंग के साथ लगातार सीखते हुए कारोबार को विस्तार देने की आवश्यकता बताई गई. प्रतिभागियों ने स्टार्टअप स्थापना, मार्केटिंग और ब्रांडिंग से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम जिले के युवाओं में उद्यमिता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन