जहानाबाद में दो पत्नियों व चार बच्चों को छोड़ तीसरी महिला संग पति फरार, अब थाने पहुंचीं दोनों महिलाएं
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
जहानाबाद में एक व्यक्ति अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर तीसरी महिला के साथ फरार हो गया। पीड़ित पत्नियों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के मलहचक पानी टंकी इलाके में पारिवारिक रिश्ते से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां रहने वाला राजू लाल अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर कथित तौर पर तीसरी महिला के साथ फरार हो गया. पति के अचानक गायब होने के बाद दोनों पत्नियां न्याय की गुहार लेकर नगर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने पुलिस से पति की तलाश कर वापस लाने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
पहली पत्नी की सहमति से की थी दूसरी शादी
पीड़िता रिंकू देवी के अनुसार, करीब 15 वर्ष पहले उसकी शादी शकुराबाद थाना क्षेत्र निवासी राजू लाल से हुई थी. शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए. राजू लाल होटल में काम करता था. इसी दौरान होटल में काम करने वाली खुशबू नामक महिला से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ. इसकी जानकारी मिलने पर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा. रिंकू के अनुसार, बाद में उसकी सहमति से करीब आठ वर्ष पहले राजू लाल ने खुशबू देवी से भी शादी कर ली.
दोनों पत्नियों से हुए चार बच्चे
दूसरी शादी के बाद रिंकू और खुशबू दोनों साथ रहने लगीं. दोनों के अनुसार, राजू लाल मलहचक पानी टंकी के पास किराये के मकान में दोनों को रखता था और बारी-बारी से दोनों के साथ रहता था. खुशबू से भी राजू लाल की दो बेटियां हुईं. इस तरह चार बच्चों के साथ परिवार चल रहा था.
तीसरी महिला से बढ़ी नजदीकी, घर में होने लगा विवाद
दोनों महिलाओं का आरोप है कि इसी दौरान राजू लाल के संपर्क में होटल में काम करने वाली जूली नामक महिला आयी. मोबाइल पर जूली से बातचीत को लेकर घर में अक्सर विवाद होने लगा. महिलाओं के अनुसार, बुधवार को होटल में काम करने के दौरान राजू लाल अचानक गायब हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला.
हरियाणा जाने का दावा
दोनों पत्नियों का दावा है कि राजू लाल जूली के साथ हरियाणा चला गया है. महिलाओं के अनुसार, जब वे जूली के जोलबिगहा स्थित घर पहुंचीं और उसके परिजनों से पूछताछ की तो उन्हें बताया गया कि जूली के पहले से दो बच्चे हैं और वह राजू लाल के साथ हरियाणा चली गयी है.
चार बच्चों की जिम्मेदारी अब दोनों महिलाओं पर
पति के अचानक चले जाने से दोनों पत्नियां और उनके चारों बच्चे परेशान हैं. महिलाओं का कहना है कि अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गयी है. उन्होंने पुलिस से राजू लाल की तलाश कर उसे वापस लाने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है. हालांकि, मामले में राजू लाल या कथित तीसरी महिला जूली का पक्ष सामने नहीं आया है. पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए