जहानाबाद एसपी के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 7 दिन में शिकायतों के निपटारे का निर्देश

Updated:
विज्ञापन
जनता दरबार में लोगों की फरियाद सुनते एसपी | Prabhat Khabar Network

जनता दरबार में लोगों की फरियाद सुनते एसपी

जहानाबाद पुलिस कार्यालय में एसपी कोटा किरण की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. आम लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया. थाना स्तर के मामलों का 7 दिनों में निपटारा करने का आदेश दिया गया है.

विज्ञापन

जहानाबाद में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. किसी ने जमीन विवाद, किसी ने मारपीट, तो किसी ने चोरी और गुमशुदगी से जुड़े मामलों को एसपी के समक्ष रखा.

हर शिकायत को गंभीरता से सुनकर दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित थानाध्यक्षों व अनुसंधानकर्ताओं को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और पीड़ितों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए.

थाना स्तर के मामलों का 7 दिनों में निपटारा करने का आदेश

एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निपटारा सात दिनों के भीतर किया जाए. उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी.

जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद है उद्देश्य

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना किसी भय या बिचौलिए के अपनी समस्या सीधे वरीय अधिकारियों तक पहुंचा सके और समय पर न्याय मिल सके. उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को न्याय दिलाना और सुरक्षा का भरोसा देना भी है.

हर सोमवार आयोजित होता है जनता दरबार

जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने एसपी द्वारा उनकी समस्याएं सुनने और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देने पर संतोष जताया. पुलिस कार्यालय में प्रत्येक सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी लिखित शिकायत लेकर पहुंच सकता है.


विज्ञापन
Ashwini Kumar

लेखक के बारे में

By Ashwini Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन