जहानाबाद: संभावित बाढ़ को लेकर जहानाबाद में अलर्ट, तटबंधों का निरीक्षण; दो कमजोर स्थल चिन्हि्त
तटबंध का निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए तटबंधों का निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थलों को मजबूत करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
Jehanabad News : जहानाबाद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आपदा प्रबंधन कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के सहायक अभियंता ने संयुक्त रूप से विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण किया.
आपके शहर में
तटबंधों की स्थिति और तैयारियों की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की वर्तमान स्थिति, बाढ़ पूर्व तैयारियों और संभावित संवेदनशील स्थलों पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की गई. तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों के लिए तैयार कार्ययोजना को संतोषजनक पाया गया. संबंधित कार्य भी निर्धारित गति से प्रगति पर मिले.
निरीक्षण दल ने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं को शेष कार्यों में और तेजी लाते हुए सभी काम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया.
दो नए कमजोर स्थल चिन्हित
निरीक्षण के दौरान दो अन्य संभावित कमजोर स्थलों की पहचान की गई. इन स्थानों पर तत्काल सुदृढ़ीकरण और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
बालू भरे बोरों का रहेगा पर्याप्त भंडार
किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति से निपटने के लिए तटबंधों के बीच उपयुक्त स्थानों पर बालू भरे बोरों का पर्याप्त आरक्षित भंडारण रखने का निर्देश दिया गया. जरूरत पड़ने पर इनका तत्काल इस्तेमाल कर तटबंधों की सुरक्षा के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया जा सकेगा.
कमजोर स्थलों पर विशेष नजर रखने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने और संभावित कमजोर स्थलों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है. बाढ़ से संबंधित सभी पूर्व तैयारियां पूरी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
जिला प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए तटबंधों की नियमित निगरानी, संवेदनशील स्थलों के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए