दलित महिलाओं से मारपीट के विरोध में माले का प्रतिरोध मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
प्रतिरोध मार्च में शामिल माले कार्यकर्ता व अन्य.
जहानाबाद के परियावां में दलित महिलाओं पर हुए हमले के विरोध में भाकपा-माले ने बंधुगंज बाजार में प्रतिरोध मार्च निकालकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
Jehanabad News : जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के बंधुगंज पंचायत स्थित परियावां गांव में घर में घुसकर चार दलित महिलाओं के साथ मारपीट की घटना के विरोध में रविवार को भाकपा-माले के बैनर तले बंधुगंज बाजार में प्रतिरोध मार्च निकाला गया. मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और समुचित इलाज सुनिश्चित करने की मांग की.
आपके शहर में
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगाए नारे
प्रतिरोध मार्च के दौरान ‘परियावां में दलित महिलाओं पर हमला करने वाले अपराधियों-दबंगों को तत्काल गिरफ्तार करो’, ‘पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और इलाज की गारंटी करो’ समेत कई नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के खिलाफ भी राजनीतिक नारे लगाए.
कानून का भय खत्म होने का लगाया आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माले के राज्य कमिटी सदस्य रविंद्र यादव ने कहा कि परियावां की घटना बेहद गंभीर है. दबंगों द्वारा घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट किया जाना बताता है कि अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं रह गया है. प्रशासन को मामले के सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में दलितों, गरीबों और महिलाओं पर हमले बढ़ रहे हैं. इसके बावजूद सरकार और प्रशासन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं.
चैती पीपर की घटना का भी किया जिक्र
वक्ताओं ने कहा कि कुछ समय पहले चैती पीपर में भी भू-माफिया और दबंगों द्वारा गरीबों और महिलाओं को निशाना बनाया गया था. परियावां की घटना उसी बढ़ती दबंगई और अपराधी प्रवृत्ति की कड़ी है. माले ने कहा कि गरीबों, दलितों और महिलाओं पर किसी भी तरह के हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
माले ने जिला प्रशासन से परियावां कांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने, पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा देने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. प्रतिरोध मार्च एवं सभा में माले जिला सचिव विजय कुमार, पूजा देवी, प्रेमचंद मांझी, दुलारचंद दास, वसी अहमद, संतोष केसरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए