जहानाबाद में डीएम ने आशाकर्मियों को दिया लक्ष्य पूरा करने का निर्देश, टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने पर जोर

Author Avinash kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
रतनी में डीएम ने किया आशा कार्यकर्ता के साथ समीक्षा बैठक

समीक्षा बैठक में शामिल डीएम

Jehanabad ASHA workers: जिलाधिकारी ने रतनी पंचायत में आशाकर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में संस्थागत प्रसव, एएनसी सेवाओं और टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

Jehanabad ASHA workers: जिलाधिकारी छिरिड वाई भूटिया ने बुधवार को प्रखंड क्षेत्र की रतनी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आशाकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक का उद्घाटन जिलाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान आशाकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए.

संस्थागत प्रसव और एएनसी सेवाओं पर दिया विशेष जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने आशाकर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, एएनसी (एंटीनटल केयर) और फोर एएनसी सेवाओं को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी आशाकर्मी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करें.

टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने के निर्देश

डीएम ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आशाकर्मी अपने क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान को गति दें. स्क्रीनिंग के दौरान यदि कोई मरीज टीबी पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे तत्काल जिला स्तर पर रेफर कर समुचित इलाज सुनिश्चित कराया जाए. उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है और इसे समाज से समाप्त करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए.

20 आशाकर्मियों को लगी फटकार, बेहतर कार्य करने वालों को मिली सराहना

बैठक के दौरान कार्य में शिथिलता बरतने वाली 20 आशाकर्मियों को जिलाधिकारी ने फटकार लगाई. वहीं बेहतर कार्य करने वाली आशाकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि सभी आशाकर्मी अपने निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

मौके पर एडीएम राजीव कुमार सिंह, सिविल सर्जन हरिश्चंद्र चौधरी, डीपीएम खालिद हुसैन, बीडीओ आकांक्षा सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक मो. आफताब आलम सहित बड़ी संख्या में आशाकर्मी और आशा फैसिलिटेटर उपस्थित रहे.

Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान


विज्ञापन
Avinash Kumar

लेखक के बारे में

By Avinash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन