जहानाबाद में बिहार बंद बेअसर, बाजार खुले रहे, सुरक्षा के लिए 1200 पुलिस जवान तैनात

Author Sanjay Anurag|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

जहानाबाद शहर में खुली दुकानें और सड़कों पर सन्नाटा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जहानाबाद में बिहार बंद का असर नाममात्र रहा, जहां अधिकांश बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य दिनों की तरह खुले रहे. प्रशासन की कड़ी निगरानी और 1200 पुलिस जवानों की तैनाती के कारण बंद शांतिपूर्ण रहा, हालांकि वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ.

विज्ञापन

Bihar Band : बिहार बंद का जिले में व्यापक असर देखने को नहीं मिला. जिला मुख्यालय सहित अधिकांश प्रखंड मुख्यालयों के बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य दिनों की तरह खुले रहे. हालांकि ग्राहकों की संख्या काफी कम रही. बंद की घोषणा के कारण अधिकांश लोगों ने शुक्रवार को ही अपनी जरूरत का सामान खरीद लिया था.

विज्ञापन

बसें बंद रहीं, ऑटो का परिचालन देर से हुआ शुरू

बिहार बंद को देखते हुए निजी बस संचालकों ने एहतियातन बसों का परिचालन बंद रखा. इससे गांवों और कस्बों से लोग जिला एवं प्रखंड मुख्यालय नहीं पहुंच सके. सुबह ऑटो का परिचालन भी प्रभावित रहा, हालांकि सुबह 10 बजे के बाद ऑटो चलने लगे. इसके बावजूद सड़कों पर वाहनों और यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही.

स्कूलों में छुट्टी, रेलवे स्टेशनों पर भी रही कम भीड़

अधिकांश निजी विद्यालयों ने बंद के मद्देनजर स्कूल बंद रखे. बस स्टैंडों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या कम रही. पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में भी अपेक्षाकृत कम यात्री नजर आए. छात्रों के प्रदर्शन और बंद को देखते हुए लोगों ने गैर-जरूरी यात्राएं टाल दीं.

प्रशासन की सख्ती से शांतिपूर्ण रहा बंद

गुरुवार को जिलाधिकारी आवास के समीप छात्रों के उपद्रव, पथराव और पुलिस फायरिंग की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव के दौरे, पुलिस मुख्यालय की लगातार मॉनिटरिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का असर शनिवार को साफ दिखाई दिया. जिलेभर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. विभिन्न राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों ने भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और जबरन दुकानें या वाहन बंद कराने की कोशिश नहीं की.

डीएम और एसपी ने खुद संभाली कमान

बिहार बंद के दौरान पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सुबह से ही शहर की सड़कों पर सक्रिय रहे. उन्होंने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल और दंडाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए. जिलाधिकारी भी पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की निगरानी करती रहीं.

1200 पुलिस जवानों की रही तैनाती

बिहार बंद के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 1200 पुलिस जवान तैनात किए गए थे. इनमें पहले से तैनात करीब 900 जवानों के अलावा हाल की घटना के बाद पुलिस मुख्यालय से भेजे गए 300 अतिरिक्त जवान भी शामिल थे.

त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रही लागू

किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिले में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी. प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और गश्ती दल तैनात रहे. उनकी निगरानी के लिए इंस्पेक्टर और डीएसपी स्तर के अधिकारी लगाए गए थे. वहीं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन