एक रोटी कम खाइये, पर अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाइये : एसपी

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 19 Feb 2026 8:42 PM

विज्ञापन

पुलिस और जनता के बीच संवाद की कड़ी मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार की दोपहर गरही थाना परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

जमुई. पुलिस और जनता के बीच संवाद की कड़ी मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार की दोपहर गरही थाना परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. दोपहर करीब 4 बजे पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के पहुंचते ही जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सलामी दी. ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया. स्थानीय जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पंच बड़की मूरमूर सहित आसपास की कई पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. जनसंवाद के दौरान आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. पंच ने कहा कि अधिकांश परिवार भूमिहीन हैं और पहले खेती-बाड़ी कर किसी तरह जीवन यापन करते थे, लेकिन वन विभाग के पौधारोपण के बाद उनकी आजीविका पर असर पड़ा है. वर्तमान में कई परिवार पत्ता और बीड़ी बनाकर या दिहाड़ी मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहे हैं. महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही. उन्होंने जमीन के अभाव में आर्थिक तंगी, सिंचाई व्यवस्था की कमी और रोजगार संकट की समस्या रखी . गरही डैम में कार्यरत 12 मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान नहीं मिलने का मामला भी जोरदार तरीके से उठाया गया. समसाद आलम ने आरोप लगाया कि बंदोबस्ती जमीन के वैध कागजात होने के बावजूद वन विभाग द्वारा लोगों को हटाया जा रहा है. इस पर एसपी ने संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक जांच और समन्वय का आश्वासन दिया . पूर्व मुखिया तेज नारायण यादव ने अपनी राइफल के नवीनीकरण को लेकर अनुरोध किया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया . ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विश्वजीत दयाल ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया. उन्होंने कहा कि एक रोटी कम खाइये, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाइये. बच्चों को मोबाइल की लत, नशा और सोशल मीडिया फ्रॉड से दूर रखने की सलाह दी. वीडियो कॉल, फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से हो रहे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने को कहा. छोटे-मोटे विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने की बात कही और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी. कार्यक्रम के दौरान एसपी ने थाना परिसर में स्थापित चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर का फीता काटकर उद्घाटन किया, जिससे बच्चों के अनुकूल वातावरण में संवाद और सहयोग की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके .

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन