तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 9 वर्षीय बच्ची की मौत, बहन के ससुराल छठियारी में शामिल होने आई थी
सदर अस्पताल के बाहर में रोते-बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
जमुई में बहन के ससुराल छठियारी कार्यक्रम में शामिल होने आई नौ वर्षीय बच्ची की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया. इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया.
जमुई : जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया. मृतका की पहचान शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र के बरुनी गांव निवासी फेकू मांझी की पुत्री रिंकू कुमारी के रूप में हुई है.
बहन के ससुराल छठियारी कार्यक्रम में शामिल होने आई थी
बताया जाता है कि रिंकू कुमारी आढ़ा गांव स्थित अपनी बहन के ससुराल में आयोजित छठियारी कार्यक्रम में शामिल होने आयी थी. शुक्रवार देर शाम वह घर के सामने सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बच्ची से टकरा गयी.
टक्कर लगने से रिंकू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गयी. घटना के बाद बाइक सवार बाइक लेकर मौके से फरार हो गया.
इलाज के दौरान बच्ची की मौत
गंभीर रूप से घायल रिंकू को इलाज के लिए नवादा जिले के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां बच्ची की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया.
बताया जाता है कि रिंकू सात बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी. उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बाइक सवार की पहचान नहीं
घटना के बाद पुलिस बाइक सवार की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल टक्कर मारने वाले बाइक सवार की पहचान नहीं हो पायी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए