प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से प्रसूता की मौत, नवजात सुरक्षित
जिले के सोनो प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को प्रसव के बाद एक महिला की स्थिति बिगड़ने व समय पर समुचित इलाज न मिलने के कारण मौत हो गयी.
जमुई. जिले के सोनो प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को प्रसव के बाद एक महिला की स्थिति बिगड़ने व समय पर समुचित इलाज न मिलने के कारण मौत हो गयी. मृतिका की पहचान लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के रामससीर गांव निवासी सोनू कुमार की 22 वर्षीय पत्नी संजनी कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने मायका सोनो प्रखंड क्षेत्र के ही थमहन पंचायत अंतर्गत बेहरबातरी गांव में रह रही थी. परिजन ने बताया कि संजनी को प्रसव पीड़ा होने के बाद बुधवार की सुबह सोनो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां सुबह लगभग 9 बजे उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. पहला बच्चा होने की खुशी अभी घरवाले मना ही रहे थे कि प्रसव के कुछ देर बाद ही संजनी को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था.
परिवार में मचा कोहराम
इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. खुशी का माहौल मातम में बदल गया. हालांकि, राहत की बात बस इतनी है कि नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है, लेकिन जन्म के कुछ ही घंटों बाद उसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया. इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में रेफरल सिस्टम और स्वास्थ्य सुविधाओं की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिये हैं.आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए