जमुई के अलीगंज में गणेशोत्सव की धूम: 60 फीट ऊंचे पंडाल में विराजेंगे 20 फीट के गणपति; 3 दिनों तक रहेगा मेले जैसा माहौल
भव्य पंडाल बनकर तैयार
जमुई के अलीगंज बाजार में गणेशोत्सव की धूम है. 60 फीट ऊंचे पंडालों में 20 फीट की गणपति प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में मेले जैसा माहौल रहेगा, जहाँ श्रद्धालु भव्य सजावट और झांकियों का आनंद ले सकेंगे.
जमुई, अलीगंज. प्रखंड क्षेत्र के अलीगंज बाजार में गणेशोत्सव की धूम शुरू हो गयी है. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक और भव्य पंडालों का निर्माण कर भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित की गयी है. तीन दिनों तक चलने वाले गणेश महोत्सव को लेकर पूरे बाजार में उत्साह और भक्ति का माहौल है. जगह-जगह आकर्षक सजावट, झांकियां और भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
60 फीट ऊंचे पंडाल में दिखेगी आकर्षक सजावट
इस बार अलीगंज बाजार में विभिन्न पूजा समितियों की ओर से करीब 50 से 60 फीट ऊंचे पंडाल तैयार किये गये हैं. अलीगंज बीच बाजार स्थित पूजा समिति की ओर से करीब 60 फीट ऊंचा और 40 फीट चौड़ा भव्य पंडाल बनाया गया है. पंडाल और झांकी तैयार करने के लिए झारखंड के गिरिडीह और बंगाल से आये कारीगर दिन-रात जुटे रहे. कारीगरों के अनुसार गिरिडीह के करीब 10 कारीगर पंडाल और झांकी निर्माण के कार्य में लगे हैं. आयोजन को आकर्षक रूप देने के लिए सजावट और निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया गया है.
20 फीट तक ऊंची गणपति प्रतिमाएं बनीं आकर्षण
पूजा स्थलों पर स्थापित भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं. कई स्थानों पर गणपति की प्रतिमाओं की ऊंचाई करीब 20 फीट और चौड़ाई 15 फीट तक है. मूर्ति कलाकार करीब एक माह से प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे थे.
कई पूजा समितियां कर रहीं भव्य आयोजन
अलीगंज में स्टूडेंट क्लब, सृष्टि क्लब, क्रांति क्लब, पुरानी गणेश मंदिर, ग्रेट क्लब, धर्मवीर बालक दल समेत अन्य पूजा समितियों की ओर से भी गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. पूजा समिति के सदस्य सनोज मेहता, सौरभ कुमार, धर्मेंद्र कुमार और विक्की कुमार ने बताया कि अलीगंज अंदर बाजार स्थित पुरानी गणेश मंदिर क्लब की ओर से भी आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है.
पूजा पंडालों में भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न झांकियां भी प्रस्तुत की जायेंगी. इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने का अवसर मिलेगा.
पुरानी धार्मिक परंपरा ने लिया भव्य आयोजन का रूप
स्थानीय लोगों छोटू कुमार, पवन कुमार, ज्ञान रंजन, राजन, वेद प्रकाश, राहुल कुमार और जीतेस ने बताया कि अलीगंज में गणेश पूजा की पुरानी धार्मिक परंपरा रही है. पहले स्थानीय स्तर पर ही प्रतिमा बनाकर पूजा की जाती थी, लेकिन समय के साथ आयोजन का स्वरूप लगातार भव्य होता गया. लोगों ने बताया कि स्थानीय लोगों की आस्था और सहयोग से अब बाजार में जगह-जगह गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं और आकर्षक पंडाल तैयार किये जाते हैं.
तीन दिनों तक मेले जैसा रहेगा माहौल
गणेशोत्सव को लेकर अगले तीन दिनों तक अलीगंज बाजार में मेले जैसा माहौल रहने की उम्मीद है. शाम होते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है. आकर्षक रोशनी, सजावट, झांकियों और भव्य पंडालों से पूरा बाजार जगमगाता नजर आयेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए