पूजा समिति सदस्य समेत 25-30 लोगों पर प्राथमिकी
प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान महाराजगंज चौक पर हुई थी झड़प
जमुई. प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार देर शाम महाराजगंज चौक पर हुई झड़प को सदर थाना में पूजा समिति के सदस्य सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर मुहल्ला स्थित विद्यार्थी बिंद पूजा समिति की ओर से प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहा था, तभी महाराजगंज के समीप आगे-पीछे चलने और करतब दिखाने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी, देखते-ही-देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के युवक आपस में गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे. स्थिति बिगड़ते देख जुलूस के साथ चल रहे पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष के उग्र रूप को देखते हुए पुलिस सख्ती बरतते हुए सभी को खदेड़ दिया. इसके बाद कानून-व्यवस्था बनाये रखने व किसी भी अप्रिय घटना से बचने को लेकर पुलिस के द्वारा अपने नेतृत्व में प्रतिमा विसर्जन कराया गया. घटना के बाद एहतियातन महाराजगंज चौक और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. नगर थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजा समिति के सदस्य आपस में उलझ गये थे. फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है. इस मामले में नगर थाना में केस दर्ज किया गया है, जिसमें पूजा समिति के दोनों पक्षों के सदस्य सहित 25 से 30 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है.
बोले एसडीपीओ
मामले में एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है. घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से पर्व-त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए