वैशाली और सारण के 50 मुखिया एक्सपोजर विजिट पर बनारस गए, हरी झंडी दिखा वाहन को रवाना किया

वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत वैशाली और सारण जिले के 50 मुखिया बेहतर पंचायत मॉडल का अध्ययन करने उत्तर प्रदेश के बनारस के लिए रवाना हुए हैं. यह यात्रा बिहार की पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. .
Hajipur News : बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के निर्देश तथा जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत वैशाली और सारण जिले के 50 मुखियाओं का पहला दल एक्सपोजर विजिट के लिए उत्तर प्रदेश के बनारस रवाना हुआ. यात्रा की शुरुआत जिला पंचायती राज पदाधिकारी आरती गिरि, जिला पंचायत संसाधन केंद्र के नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार एवं स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव सुधीर कुमार शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर की.
बेहतर पंचायत मॉडल का करेंगे अध्ययन
जिला पंचायती राज पदाधिकारी आरती गिरि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत मुखियाओं को देश के विभिन्न राज्यों की आदर्श पंचायतों का अध्ययन कराने के लिए भेजा जा रहा है. इसका उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को बेहतर कार्यप्रणाली से अवगत कराना और बिहार की पंचायतों को अधिक सशक्त बनाना है.
पुरस्कार प्राप्त पंचायत का करेंगे निरीक्षण
उन्होंने बताया कि प्रथम बैच के सभी मुखिया बनारस जिले के पिंडरा प्रखंड स्थित रसूलपुर पंचायत का भ्रमण करेंगे. यहां किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे. उल्लेखनीय है कि इस पंचायत को उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो बार प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.
अपने पंचायतों में लागू करेंगे बेहतर व्यवस्थाएं
अधिकारियों ने बताया कि एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सफल पंचायत मॉडल से सीखने का अवसर प्रदान करना है, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे अपने-अपने पंचायतों में भी बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को बढ़ावा दे सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











