वैशाली: गंडक नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य, फिर भी संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; तिरहुत तटबंध पर 24 घंटे निगरानी
गंडक का जलस्तर सामान्य, फिर भी बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट | Prabhat Khabar Network
वैशाली प्रखंड में गंडक नदी का जलस्तर अभी सामान्य है, फिर भी संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन तिरहुत तटबंध की लगातार निगरानी कर रहा है.
Hajipur News: जिले के वैशाली प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंडक नदी का जलस्तर फिलहाल पूरी तरह सामान्य बना हुआ है. इसके बावजूद मानसून के दौरान नदी के रुख में संभावित बदलाव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. अंचलाधिकारी (सीओ) राकेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम प्रखंड क्षेत्र में पड़ने वाले तिरहुत तटबंध की 24 घंटे सघन निगरानी कर रही है.
आपके शहर में
अधिकारियों द्वारा तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं का लगातार जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थान पर पानी के भारी दबाव, कटाव या रिसाव की स्थिति उत्पन्न होने पर समय रहते त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जा सकें.
जलस्तर सामान्य, लेकिन अचानक वृद्धि को लेकर सतर्कता पूरी
अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे और सामान्य स्थिति में है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ का कोई तात्कालिक खतरा नहीं है. हालांकि, मानसूनी बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों से अचानक पानी छोड़े जाने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरत रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन नदी के जलस्तर और तटबंध की मजबूती पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लिया गया है.
संवेदनशील घाटों पर जिओ बैग का आपातकालीन स्टॉक तैयार
बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल लालगंज के कार्यपालक अभियंता अभ्युदानंद ने बताया कि तटबंध की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. नदी के जिन हिस्सों में तटबंध से दूरी बेहद कम है अथवा जहां तेज बहाव से पानी का दबाव ज्यादा रहता है, वहां कटावरोधी सामग्री और जिओ बैग पर्याप्त संख्या में स्टॉक कर लिए गए हैं. उन्होंने बताया कि गंडक नदी के रमदौली घाट, फुलाढ़ और नरसिंह ब्रह्म घाट जैसे कई संवेदनशील बिंदुओं पर पानी का दबाव बढ़ने की आशंका बनी रहती है, जिसे देखते हुए जल संसाधन विभाग के तकनीकी कर्मी और गश्ती दल दिन-रात तटबंध पर चौकसी बरत रहे हैं.
Also Read: कोनहारा घाट पर 28 अगस्त को होगी भव्य गंगा आरती, जलस्तर बढ़ने को लेकर हाजीपुर नगर परिषद सतर्क
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए