वैशाली के लालगंज में शादी समारोह से घर लौट रहे दो नाबालिगों का अपहरण, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम; 5 घंटे में बरामद

Updated:
विज्ञापन

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम | Prabhat Khabar Network

वैशाली के लालगंज में शादी समारोह से घर लौट रहे दो 14 वर्षीय किशोरों के अपहरण से हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 घंटे के भीतर दोनों को सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पिकअप चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Vaishali News: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शादी समारोह से घर लौट रहे दो 14 वर्षीय नाबालिग किशोरों के अचानक लापता होने और अपहरण की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने लालगंज-वैशाली मुख्य मार्ग को बेदौली चौक के समीप पूरी तरह जाम कर दिया और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही लालगंज इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शादी समारोह से लौटते वक्त लापता हुए थे दोनों किशोर

लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली निवासी राकेश पासवान का 14 वर्षीय पुत्र साहिल और रंजीत पासवान का 14 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. समारोह से वापस घर लौटते समय दोनों अचानक लापता हो गए. परिजनों ने जब अपने स्तर से काफी खोजबीन की और उनका कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने अनहोनी और अपहरण की आशंका जताते हुए लालगंज थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई.

एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर बनी टीम, तकनीकी निगरानी से मिला सुराग

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल सघन छापेमारी और तकनीकी जांच शुरू की. लालगंज थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने एक स्थानीय व्यक्ति के मोबाइल के जरिए संदिग्धों से संपर्क स्थापित कर उनकी सही लोकेशन ट्रैक की. इसके बाद लालगंज पुलिस ने करताहा थाना पुलिस से समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाया और मात्र पांच घंटे के भीतर करताहा थाना क्षेत्र के टांडा चौक के समीप घेराबंदी कर दोनों अपहृत किशोरों को सकुशल मुक्त करा लिया.

पिकअप चालक और खलासी गिरफ्तार, वाहन व मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से अपहरण में शामिल करताहा थाना क्षेत्र के खजुरिया निवासी पिकअप चालक मनीष कुमार और खलासी संजीव कुमार को धर दबोचा. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और संदिग्ध मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है. बेदौली निवासी रंजीत पासवान के बयान पर लालगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दोनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से घटना के पीछे के असल मकसद को लेकर गहन पूछताछ कर रही है.

Also Read: लावापुर चौक के पास हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन