पुलिस केंद्र में आयोजित हुई पुलिस सभा, SSP ने दिए समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
पुलिस केन्द्र में पुलिस सभा का आयोजन | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में पुलिस जवानों की समस्याओं को सुनने के लिए एक विशेष पुलिस सभा का आयोजन किया गया. एसएसपी शुभांक मिश्रा ने व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय कठिनाइयों पर ध्यान दिया और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.
Hajipur News : पुलिस कर्मियों की समस्याओं और कठिनाइयों के समाधान के लिए शनिवार को पुलिस केंद्र हाजीपुर में पुलिस सभा का आयोजन किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सभा में जिले के दूर-दराज के थानों से आए विभिन्न संवर्गों के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए.
एसएसपी ने एक-एक कर सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं
पुलिस सभा के दौरान एसएसपी शुभांक मिश्रा ने अलग-अलग संवर्गों के पुलिसकर्मियों से उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय समस्याओं की जानकारी ली. जवानों ने आवास की स्थिति, लंबे समय तक ड्यूटी, चिकित्सा सुविधाओं और थानों के बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा.
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित समाधान कराने की पहल की.
कार्यहित और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन
बैठक में पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी. एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों से नए और व्यावहारिक सुझाव भी मांगे.
इस दौरान कई पुलिसकर्मियों ने अपने सुझाव अधिकारियों के सामने रखे. एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का हित प्रशासन की प्राथमिकता है और उनकी हर वैध समस्या का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही मौजूदगी
पुलिस सभा में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे. इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित समेत जिले के अन्य प्रमुख पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे. बैठक में पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने के साथ उनके बेहतर कार्य वातावरण और कल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गयी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए