खरौंध रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी लदा 18 चक्का ट्रक गड्ढे में गिरा, टला बड़ा हादसा

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 07 Jun 2026 10:25 PM

विज्ञापन

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक.

Nawada News : वाहन तेलिया आहर के समीप स्थित संकरे और तीखे मोड़ पर पहुंचा. चालक गाड़ी से संतुलन खो बैठा. और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.

विज्ञापन

नवादा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट

Nawada News : नवादा के सिरदला प्रखंड अंतर्गत खरौंध रेलवे स्टेशन के समीप रविवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. रेलवे लाइन बिछाने में प्रयुक्त होने वाली लोहे की भारी पटरी (रेल) लदा एक 18 चक्का ट्रक तेलिया आहर के पास स्थित खतरनाक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण दुर्घटना में ट्रक सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गई.

तीखे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, 10 फिट गड्ढे में गिरा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक रेलवे निर्माण कार्य से संबंधित भारी-भरकम सामग्री लेकर गुजर रहा था. जैसे ही वाहन तेलिया आहर के समीप स्थित संकरे और तीखे मोड़ पर पहुंचा, चालक गाड़ी पर से अपना संतुलन खो बैठा. भारी रेल पटरी लदी होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते पलटते हुए सड़क से नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरा.

घटना के वक्त इतनी तेज आवाज हुई कि उसे सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. खरौंध गांव निवासी समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. रामबालक यादव ने बताया कि यह मोड़ काफी संकरा और जोखिम भरा है, जिससे भारी वाहनों के लिए यहां से गुजरना हमेशा खतरनाक रहता है।.

ग्रामीणों ने मसीहा बनकर बचाई चालक की जान

दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत रही कि चालक को सिर्फ मामूली चोटें आई थीं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेज दिया गया. फिलहाल चालक की पहचान नहीं हो सकी है.

मौके पर पहुंची डायल 112 और स्थानीय पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम के चालक खुर्शीद आलम और सिपाही अस्तुरन देवी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. इसके बाद सिरदला थाना पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा घटना स्थल पर एक चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: रोहतास में NHAI और प्रशासन के दावों की खुली पोल: हल्की बारिश में ही जलजमाव; एक साल बाद भी अधूरा है नाला!

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन