वैशाली: महनार के रूपनारायणपुर से 4 दिनों से लापता युवक को लेकर FIR दर्ज, परिजनों ने लगाया अपहरण व हत्या की धमकी का आरोप

Updated:
विज्ञापन

चार दिनों से लापता युवक के रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

महनार के रूपनारायणपुर गांव का युवक चार दिनों से लापता है. परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Vaishali News: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र की करनौती पंचायत अंतर्गत रूपनारायणपुर गांव निवासी एक युवक के पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. मामले में युवक के पिता सुशील कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर महनार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पिता ने पुलिस को बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार 25 अगस्त की रात करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. परिजनों के अनुसार, काली स्थान के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कुंदन को जाते हुए देखा गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर आकर दी थी जान से मारने की धमकी

पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि 26 अगस्त की रात रसीला देवी, पवन कुमार, मनीष कुमार, सुजल शर्मा सहित करीब 10 से 15 लोग उनके घर पहुंचे थे. इन लोगों ने आरोप लगाया कि कुंदन उनके घर में चोरी करने आया था. साथ ही परिजनों को धमकाया कि यदि कुंदन कहीं भी दिखा, तो उसे काटकर जान से मार देंगे और शव फेंक देंगे. परिजनों ने आशंका जताई है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर कुंदन का अपहरण कर उसे गायब कर दिया है.

पिटाई का वीडियो वायरल होने का दावा

परिजनों ने यह भी दावा किया है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो लोग मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. परिजनों का कहना है कि वीडियो में पिट रहा युवक कुंदन कुमार ही है. हालांकि, स्थानीय पुलिस ने अभी तक इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

सभी बिंदुओं पर गहन जांच में जुटी पुलिस: एसडीपीओ

मामले के संदर्भ में महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक के गायब होने को लेकर प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर 27 अगस्त को सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि परिजनों द्वारा बताए गए सीसीटीवी फुटेज में नामजद आरोपी नजर नहीं आ रहे हैं. साथ ही वायरल वीडियो में दिख रहे युवक का चेहरा भी धुंधला होने के कारण स्पष्ट नहीं है. पुलिस तकनीकी अनुसंधान और सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर युवक की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है.

Also Read: हाजीपुर: बिहार राज्य स्वर्णकार संघ ने प्रशासन को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को जंदाहा बाजार बंद


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन