हाजीपुर: बिहार राज्य स्वर्णकार संघ ने प्रशासन को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को जंदाहा बाजार बंद
बैठक के दौरान स्वर्णकार संघ के सदस्य | Prabhat Khabar Network
जंदाहा में बिहार राज्य स्वर्णकार संघ ने सुरक्षा की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया.
Hajipur News: जंदाहा बाजार स्थित एक निजी धर्मशाला में शनिवार को बिहार राज्य स्वर्णकार संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों एवं कारीगरों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की लचर कार्यशैली के खिलाफ गहरा रोष और नाराजगी व्यक्त की गई. बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने प्रदेश भर में स्वर्णकारों के साथ लगातार हो रही लूट, डकैती और हत्या की वारदातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे संगठित अपराध करार दिया.
आपके शहर में
लगातार असुरक्षा के बीच कारोबार करने को विवश
संघ के वक्ताओं ने कहा कि राज्य में स्वर्ण व्यवसायी लगातार खौफ और असुरक्षा के साये में अपनी दुकानें संचालित करने को विवश हैं. बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, प्रमुख कारोबारी इलाकों और शहर से बाहर निकलने वाले निकास मार्गों पर नियमित पुलिस पिकेट व बल तैनात करने की मांग प्रशासन से कई बार की गई, परंतु अब तक धरातल पर कोई ठोस सुरक्षात्मक कार्रवाई नहीं की गई है. इसके अलावा व्यवसायियों के सुरक्षा हेतु लंबित शस्त्र लाइसेंस आवेदनों को भी शीघ्र मंजूरी देने की मांग उठाई गई.
48 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर जंदाहा बंद की चेतावनी
हाल ही में आपराधिक वारदात में जान गंवाने वाले साथी व्यवसायी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संघ के अध्यक्ष ने जिला प्रशासन को 48 घंटे का कड़ा अल्टीमेटम दिया. संघ ने स्पष्ट मांग रखी कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए और स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें फांसी या उम्रकैद की सजा दिलाई जाए. संघ ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आगामी सोमवार को जंदाहा बाजार पूर्ण रूप से बंद रखकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
पूरे जिले में आंदोलन और पटना घेराव का ऐलान
स्वर्णकार संघ के नेताओं ने दो-टूक कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो इस आंदोलन को केवल जंदाहा तक सीमित न रखकर पूरे वैशाली जिले में व्यापक रूप दिया जाएगा. जरूरत पड़ने पर राजधानी पटना स्थित राजभवन और जिला समाहरणालय का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा. बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे.
Also Read: हाजीपुर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए