हाजीपुर: भूत बंगले की थीम पर सजा गणपति पूजा पंडाल, डरावनी आकृतियां देख रोमांचित हो रहे बच्चे
भूत पिचास से पटा पूजा पंडाल | Prabhat Khabar Network
महुआ में इस साल गणपति महोत्सव का पंडाल भूत बंगले की थीम पर सजाया गया है. मुंबई के गुलाब बाग की तर्ज पर बने इस पंडाल की अनोखी सजावट लोगों के बीच चर्चा का विषय है. डरावनी आकृतियों को देखकर बच्चे रोमांचित हो रहे हैं.
Ganpati Mahotsav : महुआ नगर परिषद बाजार स्थित कालीघाट मंदिर परिसर में दस दिवसीय गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. महोत्सव के लिए बनाया गया भव्य पूजा पंडाल इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. पंडाल की अनोखी सजावट और भूत बंगले की थीम क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. पंडाल देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.
भूत बंगले की थीम पर तैयार हुआ पंडाल
जानकारी के अनुसार महुआ के युवा कलाकार मिथिलेश कुमार ने इस बार मुंबई के गुलाब बाग की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया है. पूरे पंडाल को भूत बंगले की थीम पर सजाया गया है. पंडाल में डरावने पात्रों और भूतों की आकृतियां बनाई गयी हैं, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं.
भूतों की आकृतियां देख रोमांचित हो रहे बच्चे
पंडाल में बनायी गयी डरावनी आकृतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं. खासकर छोटे बच्चे भूतों की तस्वीरें और आकृतियां देखकर कभी डरते तो कभी रोमांचित होते नजर आ रहे हैं. शाम होते ही पंडाल के आसपास लोगों की भीड़ बढ़ जा रही है.
कई वर्षों से हो रहा गणपति महोत्सव
कालीघाट मंदिर परिसर में स्थानीय युवा समाजसेवी रोशन आनंद उर्फ बाबा, पूर्व वार्ड पार्षद मुनेश्वर दास, गोपी पासवान, सभापति प्रत्याशी अजीत कुमार उर्फ टमाटर, विक्की कुमार दास, विनोद महतो, अजय कुमार, सतीश कुमार और विकास कुमार समेत अन्य लोगों के सहयोग से कई वर्षों से दस दिवसीय गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.
अंतिम दिन होगा गणपति प्रतिमा का विसर्जन
महोत्सव के अंतिम दिन पूरे विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. करीब 20 लाख रुपये की लागत से तैयार किये गये पंडाल की अनोखी सजावट और भूत बंगले की थीम लोगों के बीच खास आकर्षण बनी हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए