हाजीपुर में ममेरी बहन से प्रेम संबंध के शक में भांजे की हत्या, अधजले शव मामले में मामा गिरफ्तार
Love Affair Murder: हाजीपुर के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में मिले अधजले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने के आरोप में उसके मामा को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
Love Affair Murder: (अभिषेक कुमार) वैशाली जिले के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से अधजली अवस्था में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के मामा को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि हत्या की वजह युवक का अपनी ममेरी बहन से प्रेम प्रसंग था. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. यह जानकारी वैशाली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में दी.
आपके शहर में
सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान
एसपी ने बताया कि बीते मंगलवार को जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर विश्राम टोला और लंका टोला के बीच सड़क किनारे झाड़ियों से अधजली अवस्था में एक युवक का शव बरामद हुआ था. शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी.
सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में तस्वीर व सूचना प्रसारित होने के बाद मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र निवासी शिव शंकर राय के पुत्र नीतिश कुमार के रूप में हुई. नीतिश पटना सिटी थाना चौक क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर रह रहा था.
विशेष टीम गठित कर शुरू की गई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारियों की विशेष जांच टीम गठित की गई.
तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के मामा लालबाबू राय को गिरफ्तार कर लिया. वह पटना सिटी थाना चौक क्षेत्र का निवासी है. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पूछताछ में प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि नीतिश कुमार कई वर्षों से अपने ननिहाल में रह रहा था. इस दौरान उसका अपनी ममेरी बहन से प्रेम प्रसंग होने का संदेह परिजनों को हो गया था.
परिजनों के विरोध के बाद नीतिश को घर से भेज दिया गया और वह पिछले दो वर्षों से चेन्नई में रहकर काम कर रहा था. आरोप है कि वह सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से युवती को अश्लील तस्वीरें भेजता था, जिससे परिवार परेशान था.
समझाने के बाद की हत्या, शव को जलाकर फेंका
एसपी के अनुसार, आरोपी नीतिश को उसके घर से बुलाकर पटना लाए और करीब तीन दिनों तक समझाने का प्रयास किया. जब वह नहीं माना तो आरोप है कि उसके दो मामा मनोज राय और लालबाबू राय ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read: 30 दिनों में जगमगाएगा पटना, लगेंगी 35 नई हाई मास्ट लाइटें, 82 हजार स्ट्रीट लाइटें होंगी ऑटोमैटिक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए