हाजीपुर: चारा लाने निकले वृद्ध किसान को पिकअप ने मारी ठोकर, पटना में इलाज के दौरान मौत
महुआ थाना
हाजीपुर के महुआ में एक वृद्ध किसान की पिकअप वैन की टक्कर से इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पिकअप चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
Road accident in Hajipur : महुआ थाना क्षेत्र के तरौरा गांव के पास पिकअप वैन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल वृद्ध किसान की मंगलवार की दोपहर पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. मृतक दूध व्यवसाय से जुड़े थे और दूध की खरीद-बिक्री कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
चारा लाने जा रहे थे वृद्ध
जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र के महुआ रामराय वार्ड संख्या-2 निवासी नेवालाल राय के 70 वर्षीय पुत्र मछु राय तीन-चार दिन पूर्व साइकिल से तरौरा गांव मवेशियों के लिए चारा लाने जा रहे थे. इसी दौरान महुआ-पातेपुर मार्ग पर तरौरा गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी साइकिल में जोरदार ठोकर मार दी. हादसे में मछु राय गंभीर रूप से घायल हो गये.
भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा. स्थानीय लोगों ने पीछा कर महुआ बाजार के पास पिकअप चालक को पकड़ लिया. इस दौरान कुछ लोगों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलते ही महुआ पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया.
महुआ से हाजीपुर और फिर पटना रेफर
स्थानीय लोगों ने घायल मछु राय को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल महुआ में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया. वहां से चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. परिजनों ने उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मौत की सूचना मिलने के बाद महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने गश्ती पुलिस को मृतक के घर भेजकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करायी. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. पुलिस मामले के विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है.
चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है. रमेश राय, महेश राय, मिथिलेश कुमार राय, शंभू कुमार, दिनेश राय, भूषण राय, अनिल कुमार राय और सुरेंद्र यादव समेत अन्य लोगों ने महुआ पुलिस-प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार पिकअप वैन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए