नशे में पकड़ा गया पातेपुर सीएचसी का एंबुलेंस चालक, पार्टी करने जा रहे तीन युवक भी गिरफ्तार
पातेपुर सीएचसी | Prabhat Khabar Network
पातेपुर सीएचसी का एंबुलेंस चालक शराब के नशे में पकड़ा गया है, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इसी मामले में पार्टी में जा रहे तीन युवक भी गिरफ्तार हुए हैं।
Ambulance driver caught drunk : हाजीपुर के पातेपुर थाना की पुलिस ने शराब सेवन के मामले में पातेपुर सीएचसी के एंबुलेंस चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार एंबुलेंस चालक के खिलाफ पूर्व से एससी-एसटी एक्ट का मामला भी दर्ज है. पुलिस ने शराब पार्टी करने जा रहे कार सवार तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया है. उनके पास से एक बोतल शराब बरामद होने की बात सामने आयी है. पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है. सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस को चकमा देकर भाग रहे थे एंबुलेंस चालक
बताया गया कि सोमवार की देर शाम ट्रांसफार्मर चौक के पास डायल 112 की पुलिस गश्त कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार रितेश कुमार अपने साथी विकास कुमार के साथ तेज रफ्तार में पुलिस को चकमा देकर भागने लगा. इसी क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी. शक होने पर पुलिस दोनों युवकों के पास पहुंची, लेकिन दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे. डायल 112 की टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और थाने ले आयी.
ब्रेथ एनालाइजर से शराब पीने की पुष्टि
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पातेपुर सीएचसी का एंबुलेंस चालक रितेश कुमार और उसका साथी विकास कुमार शराब के नशे में मिले. ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच करने पर दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई. पुलिस ने मौके से बाइक भी जब्त कर ली. गिरफ्तार रितेश कुमार खेसराही गांव निवासी राजू साह का पुत्र है, जबकि विकास कुमार विशनपुर कोआही गांव निवासी दयानंद राय का पुत्र है.
एक बोतल शराब लेकर पार्टी करने जा रहे थे युवक
पुलिस ने कार से शराब लेकर पार्टी करने जा रहे तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया. पकड़े गये आरोपितों में कस्तूरी सराय गांव निवासी भोला राय का पुत्र नीतीश कुमार, नथुनी सिंह का पुत्र राजीव कुमार और पातेपुर बाजार निवासी गणेश राय का पुत्र दीपक कुमार शामिल हैं. इनके साथ एक नाबालिग भी था, जिसे पुलिस ने निरुद्ध किया है. पुलिस ने मौके से कार और शराब बरामद की.
एंबुलेंस चालक की गिरफ्तारी से मरीजों की सुरक्षा पर सवाल
एंबुलेंस चालक के नशे की हालत में गिरफ्तार होने के बाद मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस चालक को अक्सर इमरजेंसी मरीजों को सदर अस्पताल या अन्य चिकित्सा संस्थानों तक ले जाना पड़ता है. ऐसे संवेदनशील काम में तैनात चालक का नशे की हालत में पकड़ा जाना चिंता का विषय है. स्थानीय रामचंद्र पासवान, जिला परिषद सदस्य सागर सहनी और रीना चौधरी आदि ने कहा कि ऐसे चालक को तत्काल हटाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा जायेगा.
अस्पताल गेट पर शराब पार्टी को लेकर पहले भी हुआ था हंगामा
मालूम हो कि छह जून को प्रखंड मुख्यालय सभागार में हुई बीडीसी की बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सीएचसी गेट पर आये दिन शराब पार्टी होने का आरोप लगाया था. इस मुद्दे को लेकर बैठक में जमकर हंगामा हुआ था. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुरेंद्र पासवान ने आरोप लगाया था कि शराब पार्टी के संबंध में पुलिस को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गयी. वहीं थाना प्रभारी ने कहा था कि शराब पार्टी को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया था. इस मामले में बीडीसी की बैठक में सदस्यों ने प्रस्ताव भी लिया था.

क्या कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुरेंद्र पासवान ने बताया कि एंबुलेंस चालक के नशे की हालत में गिरफ्तारी की जानकारी उन्हें नहीं है. अस्पताल के कर्मियों से जानकारी लेने के बाद ही इस संबंध में कुछ बता सकेंगे.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि शराब के नशे में धुत सीएचसी के एंबुलेंस चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एंबुलेंस चालक के खिलाफ पूर्व में एससी-एसटी एक्ट का मामला भी दर्ज है, जिसमें वह बेल करा चुका है. शराब सेवन के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए