हाजीपुर मंडल कारा में बंदियों को नशामुक्ति का संदेश, 35 बंदियों को मछली पालन का प्रशिक्षण
मंडलकारा मे संकल्प दिलाते ब्रह्माकुमारी संस्था के लोग
हाजीपुर मंडल कारा में बंदियों के सुधार और पुनर्वास पर ज़ोर दिया जा रहा है. नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया और 35 बंदियों को मछली पालन का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.
Hajipur De-Addiction Awareness Campaign: हाजीपुर मंडल कारा में बंदियों के सुधार, कौशल विकास एवं सामाजिक पुनर्वास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से मंडल कारा परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक क्षति और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
नशामुक्त जीवन अपनाने का दिया संदेश
अभियान के माध्यम से बंदियों को बताया गया कि नशामुक्त और सकारात्मक जीवन अपनाकर वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं. साथ ही परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया.
35 बंदियों को मछली पालन का प्रशिक्षण
बंदियों को कारा अवधि के दौरान कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है. रूडसेट संस्थान की ओर से मंडल कारा के 35 बंदियों को मछली पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
प्रशिक्षण में बंदियों को मछली पालन की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक तकनीक, तालाब प्रबंधन और मत्स्य पालन की आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है. इसके साथ ही मछली पालन के माध्यम से स्वरोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया जा रहा है.
सुधार और पुनर्वास पर जोर
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कारा व्यवस्था का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सुधार, कौशल विकास और पुनर्वास के माध्यम से बंदियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है. नशामुक्ति जागरूकता और रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
जिला प्रशासन की ओर से मंडल कारा में बंदियों के मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्वास के लिए विभिन्न जागरूकता और कौशल विकास कार्यक्रमों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य बंदियों को कारा से बाहर निकलने के बाद आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है.
हाजीपुर की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए