वैशाली के देसरी में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बांध पर शरण लेने को मजबूर 170 परिवारों में बांटा गया सूखा राशन

Updated:
विज्ञापन

सामुदायिक किचन शेड में अंचलाधिकारी से जानकारी लेते जिप सदस्य मोहित पासवान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

वैशाली के देसरी प्रखंड में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. खड़गपुर और खोरमपुर गांव के लगभग 170 परिवार बाढ़ की चपेट में आकर अपने घरों को छोड़कर बांध पर शरण लिए हुए हैं. जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रभावितों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

विज्ञापन

Ganga Water Level: देसरी प्रखंड क्षेत्र की आजमपुर पंचायत के खड़गपुर एवं खोरमपुर गांव में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बांध के दक्षिण बसे लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण करीब एक सप्ताह से प्रभावित परिवार अपने घर छोड़कर बांध पर शरण लिये हुए हैं. बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लगातार क्षेत्र का जायजा ले रहे हैं.

विज्ञापन

खड़गपुर और खोरमपुर में चल रहा सामुदायिक किचन

बाढ़ पीड़ितों के लिए खड़गपुर और खोरमपुर में सामुदायिक किचन का संचालन किया जा रहा है. यहां प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है.

10 अस्थायी शौचालय और तीन सरकारी नावों की व्यवस्था

बाढ़ प्रभावित लोगों की सुविधा के लिए पीएचईडी विभाग की ओर से 10 अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया गया है. इसके अलावा लोगों के आवागमन और राहत कार्य के लिए तीन सरकारी नावों का परिचालन किया जा रहा है.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

एसडीओ अंकित कुमार, डीएसपी प्रवीण कुमार, डीसीएलआर समेत जिला परिषद सदस्य मोहित पासवान, प्रमुख आनंद कुमार, अंचलाधिकारी कुमारी आंचल और बीडीओ मोनिका कुमारी बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता में जुटे हैं. स्थानीय विधायक महेंद्र राम, जिप सदस्य मोहित पासवान और एसडीओ अंकित कुमार समय-समय पर बांध और सामुदायिक किचन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं.

सुलिश गेट की सफाई के बाद की जा रही घेराबंदी

रविवार को जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. इसके बाद बिलट चौक स्थित सुलिश गेट के पास जमा कचरे की सफाई करायी गयी. सुलिश गेट को बांस से घेरने का काम भी किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान राहत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

चावल की गुणवत्ता में सुधार की मांग

सामुदायिक किचन में उपलब्ध कराये जा रहे भोजन को लेकर जिप सदस्य मोहित पासवान ने चावल की गुणवत्ता में सुधार की मांग की. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध कराने में गुणवत्ता का ध्यान रखने की बात कही.

170 घरों में पहुंचाया गया सूखा राशन

आजमपुर पंचायत की मुखिया सुचिता कुमारी ने उपमुखिया अंजनी कुमार सिंह समेत अन्य लोगों के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. इस दौरान 170 घरों में सूखा राशन वितरित किया गया. राहत सामग्री मिलने से बाढ़ के बीच रह रहे प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिली.

मौके पर मुकेश पटेल, राहुल यादव, उमा कुमार, मनीष यादव एवं पंचायत समिति सदस्य राजेश्वर राम समेत अन्य लोग मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन