वैशाली इंजीनियरिंग कॉलेज में विशेषज्ञ व्याख्यान, विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों से कराया परिचित
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अतिथि | Prabhat Khabar Network
ग्रोइट टेक्नोलॉजीज के सीईओ अमित कुमार ने वैशाली इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों को औद्योगिक जरूरतों, कार्य संस्कृति और रोजगार के अवसरों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया. यह संवाद छात्रों के लिए बहुत उपयोगी रहा.
Vaishali Engineering College: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से शुक्रवार को विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया. इसमें ग्रोइट टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमित कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया. कार्यक्रम का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों, कार्य संस्कृति और रोजगार के नए अवसरों से परिचित कराना था.
व्याख्यान के दौरान अमित कुमार ने अपने औद्योगिक अनुभव साझा किए. उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल, पेशेवर दृष्टिकोण और बदलते औद्योगिक माहौल के अनुरूप खुद को तैयार करने के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रतिस्पर्धी दौर में केवल अकादमिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है. उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप तकनीकी दक्षता, नवाचार की सोच और प्रभावी संवाद क्षमता भी करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और भविष्य में उपलब्ध करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला.
उद्योग विशेषज्ञों से संवाद विद्यार्थियों के लिए उपयोगी: प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों के साथ संवाद से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और अवसरों को समझने में मदद मिलती है. ऐसे आयोजन शैक्षणिक ज्ञान और औद्योगिक जरूरतों के बीच की दूरी कम करने के साथ विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने में भी सहायक होते हैं.
कार्यक्रम का आयोजन डीन-ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. शिवांगी सक्सेना के मार्गदर्शन में किया गया. मौके पर टीपीओ कोऑर्डिनेटर प्रो. अभिषेक कुमार, प्रो. राहुल कुमार, प्रो. धर्मेंद्र कुमार और प्रो. प्रियंका झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
