वैशाली: बिदुपुर में महीनों से जले पड़े कृषि ट्रांसफार्मर, सिंचाई के लिए डीजल पंप का सहारा ले रहे किसान
ट्रांसफार्मर (फाइल फोटो)
वैशाली के बिदुपुर प्रखंड में आधा दर्जन से अधिक कृषि ट्रांसफार्मर महीनों से जले हुए हैं. बिजली की कमी से किसान डीजल पंप से सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ गई है और धान की रोपाई भी प्रभावित हो रही है.
Hajipur Burnt Agriculture Transformers: बिदुपुर प्रखंड क्षेत्र में कृषि फीडर से जुड़े आधा दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर महीनों से जले पड़े हैं. बिजली से सिंचाई की सुविधा बाधित होने के कारण किसानों को खेतों में पानी पहुंचाने के लिए मजबूरी में डीजल पंप सेट का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है. कई किसान पानी के अभाव में अब तक अपने खेतों में धान की फसल नहीं लगा सके हैं.
आपके शहर में
तीन महीने से जले पड़े हैं कृषि ट्रांसफार्मर
जानकारी के अनुसार, बिदुपुर विद्युत उपकेंद्र के अधीन राघोपुर चतुरंग, नावानगर, हरपुर, चांदपुरा सैदाबाद दमाई पट्टी, मोहनपुर समेत अन्य स्थानों पर कृषि कार्य के लिए लगाए गए 25 केवीए के कई ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं. किसानों के अनुसार, इनमें से कई ट्रांसफार्मर पिछले करीब तीन महीने से जले हुए हैं. कृषि फीडर लगाए जाने और ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने के बाद किसान कम लागत में बिजली मोटर पंप से खेतों की सिंचाई कर रहे थे. लेकिन ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद यह सुविधा बाधित हो गई है.
डीजल पंप से बढ़ रही खेती की लागत
कृषि ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए डीजल पंप का सहारा लेना पड़ रहा है. डीजल की बढ़ी लागत के कारण सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च हो रहा है. किसानों का कहना है कि पहले बिजली से मोटर चलाकर कम खर्च में सिंचाई हो जाती थी, लेकिन अब डीजल पंप से पानी देने में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है. पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से दर्जनों किसानों की धान की रोपनी भी प्रभावित हुई है. किसानों ने जले ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने की मांग की है, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो.
क्या कहते हैं जेई?
इस संबंध में विभाग के जेई राहुल कुमार ने बताया कि एग्रीकल्चर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए कई बार विभाग को पत्र लिखा गया है. लेकिन विभाग की ओर से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही चिन्हित स्थानों पर उसे लगा दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए