हाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक के चकमा देने से पलटी कार, अधिवक्ता का सिर धड़ से अलग; तीन लोग गंभीर रूप से घायल
मृतक कुंदन कुमार की फाइल फोटो.
वैशाली में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने कार को चकमा दे दिया। इस टक्कर से कार पलट गई और ड्राइवर, जो एक अधिवक्ता थे, की दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Road Accident In Vaishali: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) पर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्घी स्थित महिला थाना के समीप शनिवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. ओवरटेक करने के दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक द्वारा चकमा दिए जाने से कार बेकाबू होकर सड़क पर कई बार पलट गई. इस भीषण दुर्घटना में कार चला रहे हाजीपुर सिविल कोर्ट के अधिवक्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
लोहे की रेलिंग में फंसकर सिर धड़ से हुआ अलग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी वीभत्स थी कि कार के पलटते समय सड़क किनारे लगे लोहे के सुरक्षा घेरे (रेलिंग) से टकराकर चालक की गर्दन कट गई और सिर धड़ से पूरी तरह अलग हो गया. मृतक की पहचान कटहरा थाना क्षेत्र के बकसामा गांव निवासी अधिवक्ता कुंदन कुमार के रूप में हुई है. कुंदन हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में नियमित वकालत करते थे. हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
पीपी के दो भांजे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया. घायलों में नगर थाना क्षेत्र के बागमली मोहल्ला निवासी ज्ञानू कुमार, बिदुपुर निवासी गोलू कुमार तथा समस्तीपुर निवासी गौरव कुमार शामिल हैं. घायल गोलू और गौरव सिविल कोर्ट के लोक अभियोजक (पीपी) श्याम बाबू राय के भांजे बताए जाते हैं. तीनों का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है.
श्राद्ध का भोज खाकर सराय से लौट रहे थे सभी
अस्पताल में इलाजरत घायल गौरव ने बताया कि सभी लोग व्यवहार न्यायालय के एक पेशकार के घर आयोजित श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए सराय गए हुए थे. रात में भोज खाकर जब वे कार से वापस हाजीपुर लौट रहे थे, तभी महिला थाने के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने अचानक ओवरटेक करते हुए कार को चकमा दे दिया. कार की रफ्तार संतुलित न रह पाने के कारण वह डिवाइडर और रेलिंग से टकराते हुए कई बार पलट गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया. पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अधिवक्ता के क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. अधिवक्ता की असामयिक और दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर और साथी अधिवक्ताओं में गहरा शोक व्याप्त हो गया है. पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए