JPU पीजी की दूसरी मेधा सूची जारी, गोपालगंज के तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर 12 से 16 सितंबर तक नामांकन

Updated:
विज्ञापन

नामांकन के लिए पहुंची छात्राएं

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) ने पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 की दूसरी मेधा सूची जारी कर दी है. गोपालगंज के तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर 12 से 16 सितंबर तक नामांकन होगा. कक्षाएं 18 सितंबर से शुरू होंगी.

विज्ञापन

Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पीजी में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. पहली मेधा सूची के नामांकन के करीब 20 दिन बाद शुक्रवार को विश्वविद्यालय ने पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 की दूसरी मेधा सूची जारी कर दी. दूसरी सूची में शामिल अभ्यर्थी 12 से 16 सितंबर तक आवंटित कॉलेजों में नामांकन करा सकेंगे. इस दौरान दोपहर तीन बजे तक कागजातों का सत्यापन और नामांकन शुल्क जमा करना होगा.

विज्ञापन

दूसरी मेधा सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल के एडमिशन लिंक पर उपलब्ध करायी गयी है. अभ्यर्थी अपने लॉगइन के माध्यम से आवंटित कॉलेज और विषय की जानकारी देख सकते हैं. पहली सूची में नाम नहीं आने वाले विद्यार्थियों के साथ समय पर नामांकन नहीं करा पाने वाले चयनित अभ्यर्थियों के लिए भी दूसरी सूची महत्वपूर्ण है.

तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर होगा दाखिला

गोपालगंज जिले के तीन अंगीभूत कॉलेजों में पीजी की कुल 416 सीटें निर्धारित हैं. इनमें कमला राय कॉलेज में 224, महेंद्र महिला कॉलेज में 96 और गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ में 96 सीटें हैं. पहली मेधा सूची के नामांकन के बाद रिक्त रह गयी सीटों पर दूसरी सूची के आधार पर दाखिला लिया जायेगा.

जिले के इन कॉलेजों में हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, गणित और रसायन विज्ञान समेत आठ विषयों में पीजी की पढ़ाई होती है.

16 सितंबर तक कागजात का सत्यापन

चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन के लिए डाउनलोड किया हुआ आवेदन फॉर्म और अलॉटमेंट लेटर साथ लेकर कॉलेज जाना होगा. इसके अलावा मैट्रिक, इंटर और स्नातक के जरूरी प्रमाणपत्र व अंकपत्र प्रस्तुत करने होंगे. एसएलसी/सीएलसी या माइग्रेशन प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अपार आइडी भी जरूरी होगी.

आरक्षित वर्ग और ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को लागू होने पर संबंधित प्रमाणपत्र देना होगा. वहीं, गैप ईयर वाले विद्यार्थियों को नोटरी का शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा.

समर्थ पोर्टल से जमा होगा शुल्क

नामांकन शुल्क समर्थ पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा. शुल्क भुगतान के बाद प्राप्त रसीद कॉलेज में जमा करनी होगी. विश्वविद्यालय ने जरूरत पड़ने पर रविवार और छुट्टी के दिनों में भी कॉलेज खोलकर नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है.

दूसरी मेधा सूची जारी करने से पहले विश्वविद्यालय ने 24 से 27 अगस्त तक पोर्टल खोला था. इस दौरान नये आवेदन करने के साथ पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को विषय और कॉलेज की वरीयता में बदलाव का अवसर दिया गया था. इसी प्रक्रिया के बाद रिक्त सीटों के लिए दूसरी मेधा सूची जारी की गयी है.

18 सितंबर से शुरू होंगी कक्षाएं

पीजी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 18 सितंबर से शुरू करने की तैयारी है. ऐसे में दूसरी मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों के पास नामांकन और कागजात सत्यापन पूरा कराने के लिए 12 से 16 सितंबर तक का ही समय रहेगा. विश्वविद्यालय ने समय पर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.

फोटो:- नामांकन के लिए पहुंची छात्राएं  फोटो:- छात्राओं के लिए शहर का एक मात्र स्नातकोत्तर डिग्री कॉलेज  | Prabhat Khabar Network
फोटो:- नामांकन के लिए पहुंची छात्राएं फोटो:- छात्राओं के लिए शहर का एक मात्र स्नातकोत्तर डिग्री कॉलेज | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन