गोपालगंज: शिक्षकों की सेवानिवृत्ति उम्र 65 साल और उचित ग्रेड पे का वादा, आनंद पुष्कर ने बताया अपना एजेंडा
फोटो नं 23- डीएवी स्कूल में शिक्षकाें के बीच इ आनंद पुष्कर | Prabhat Khabar Network
एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने गोपालगंज में शिक्षकों से संवाद कर पुरानी पेंशन, वेतनमान और सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने का संकल्प लिया।
Gopalganj MLC Election : सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर ने गोपालगंज जिले के क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों से संवाद किया. इस दौरान कई स्थानों पर शिक्षकों ने पुष्कर का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया. उनके समर्थकों ने दावा किया कि शिक्षकों के बीच उनके प्रति उत्साह और समर्थन का माहौल है.
पिता के निधन के बाद शिक्षकों से लगातार संवाद का दावा
ई. आनंद पुष्कर ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय के निधन के बाद उन्होंने शिक्षकों से लगातार संवाद बनाए रखा. उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों की समस्याओं को विभाग से लेकर मंत्रालय और मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. उनके अनुसार, कई मामलों में सफलता मिली है, जबकि अन्य मांगों को लेकर प्रयास जारी है.
राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने के संकल्प का किया जिक्र
पुष्कर ने कहा कि पिछले उपचुनाव के दौरान उन्होंने नियोजित शिक्षकों को पंचायती राज व्यवस्था से अलग कर राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया था. उनके अनुसार, सरकार की पहल के बाद नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा मिला है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्थन मिला तो सभी कोटि के शिक्षकों के लिए पुराना वेतनमान और पुरानी पेंशन की मांग को लेकर संघर्ष किया जाएगा.
65 साल की सेवानिवृत्ति और उचित ग्रेड पे एजेंडे में
ई. आनंद पुष्कर ने शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 वर्ष करने और उचित ग्रेड पे दिलाने को अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल बताया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा शर्तों और आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा.
प्रोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने का भी दावा
पुष्कर ने कहा कि स्थानीय निकाय के शिक्षकों, विशिष्ट शिक्षकों और विद्यालय अध्यापकों की प्रोन्नति, इंक्रीमेंट तथा वेतन विसंगति से जुड़े मामले उनके प्रयास से प्रगति पर हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संबंधित स्तर पर बातचीत की जा रही है.
वित्त रहित और अनुदानित शिक्षकों के लिए भी उठायी आवाज
उन्होंने वित्त रहित और अनुदानित शिक्षकों को अनुदान के बदले वेतनमान दिलाने की मांग को अपने पिता स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय की चिरप्रतीक्षित मांग बताया. पुष्कर ने इस मांग को पूरा कराने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया.
सर्किट हाउस में हुआ संवाद कार्यक्रम
क्षेत्र भ्रमण के बाद गोपालगंज सर्किट हाउस में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जदयू के गोपालगंज जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल सहित शिक्षक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम में समर्थकों ने ई. आनंद पुष्कर के प्रति समर्थन जताते हुए उन्हें सभी कोटि के शिक्षकों की आवाज बताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए