गोपालगंज में नल-जल योजना पर DM का एक्शन , 230 पंचायतों के 3110 वार्डो में जांच करने पहुंचेगी टीम
फोटो नं 03:नल जल की जांच करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में नल-जल योजना की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सभी 230 पंचायतों में दो दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू किया है। जानें पूरी खबर।
Gopalganj News : गोपालगंज जिले में नल-जल योजना के क्रियान्वयन और संचालन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीएम समीर सौरभ के निर्देश पर जिले की सभी 230 पंचायतों के करीब 3,110 वार्डों में नल-जल योजना की विशेष जांच करायी जाएगी. इसके लिए 230 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
आपके शहर में
7 और 8 सितंबर को 3,110 वार्डों में होगी जांच
डीएम के आदेश पर प्रतिनियुक्त कर्मी 7 और 8 सितंबर 2026 को संबंधित पंचायतों और वार्डों में पहुंचकर नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन करेंगे. जांच के दौरान मौके पर जलापूर्ति की नियमितता, योजना की कार्यशीलता और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी.
दिशा और 20 सूत्री की बैठकों में लगातार मिली शिकायतें
जिला प्रशासन के अनुसार, दिशा एवं 20 सूत्री की बैठकों में नल-जल योजना से संबंधित शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जिलेभर में व्यापक जांच अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
जांच के बाद सभी प्रतिवेदनों का समेकित अनुश्रवण किया जाएगा. जांच में सामने आने वाले निष्कर्षों के आधार पर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का फोकस योजना में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को चिन्हित कर उसे दूर कराने पर रहेगा.
लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर
जिला प्रशासन का उद्देश्य नल-जल योजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कर आम लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है. व्यापक जांच के जरिए यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जिन वार्डों में योजना संचालित है, वहां लोगों को वास्तव में इसका लाभ मिल रहा है या नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए