जमीन का रेट बढ़ा तो रची रंगदारी की साजिश, गोपालगंज के कुख्यात अपराधी का नाम लेकर मांगी 10 लाख; दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फोटो नं 108. रंगदारी मांगने के मामले गिरफ्तार आरोपितों की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network

गोपालगंज के मीरगंज में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जमीन विवाद के कारण मांगी थी रंगदारी।

विज्ञापन

Gopalganj News : मीरगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन के जरिए 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड भी बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, जमीन खरीदने को लेकर नाराजगी के कारण रंगदारी मांगने की साजिश रची गयी थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

मोबाइल पर मांगी गयी थी 10 लाख की रंगदारी

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को बड़का गांव निवासी एक व्यक्ति से मोबाइल फोन पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी गयी थी. फोन करने वाले ने खुद को विशाल सिंह का आदमी बताते हुए रंगदारी की मांग की थी. घटना की सूचना मिलने के बाद मीरगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम में मीरगंज थानाध्यक्ष के साथ डीआईयू की टीम को भी शामिल किया गया. पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश शुरू की.

पहले एक आरोपित गिरफ्तार, फिर दूसरा भी पकड़ा गया

जांच के दौरान पुलिस टीम ने कालोपट्टी गांव से एक आरोपित को गिरफ्तार किया. उससे पूछताछ के बाद पुलिस को दूसरे आरोपित के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद उसकी निशानदेही पर भैरोपट्टी गांव से दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने दोनों से पूछताछ के दौरान रंगदारी मांगने में इस्तेमाल सिम कार्ड भी बरामद किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.

जमीन का रेट बढ़ने से था नाराज

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपित ने बताया कि वह पीड़ित से जमीन खरीदना चाहता था. जमीन का रेट बढ़ा दिये जाने से वह नाराज था. इसी नाराजगी में पीड़ित को परेशान करने के उद्देश्य से उसने खुद को विशाल सिंह का आदमी बताया और 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग की.

अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपितों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन