गोपालगंज में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में माले का जन आक्रोश मार्च, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
जन आक्रोश मार्च निकालते भाकपा माले कार्यकर्ताओ की टीम क्षतिग्रस्त प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
विजयीपुर के भुजौली खुर्द गांव में बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर ग्रामीणों और माले कार्यकर्ताओं ने निकाला जन आक्रोश मार्च, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
विजयीपुर थाना क्षेत्र के भुजौली खुर्द गांव में बुधवार की रात बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. घटना के विरोध में शुक्रवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने विजयीपुर बाजार में जन आक्रोश मार्च निकाला. कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
आपके शहर में
2018 में ग्रामीणों ने स्थापित की थी प्रतिमा
ग्रामीणों के सहयोग से वर्ष 2018 में भुजौली खुर्द गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी. बुधवार की रात अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए. गुरुवार की सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा स्थल पर जुट गए. घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई.

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष दिलीप तिवारी, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और शांति बनाए रखने की अपील की. साथ ही दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व गांव के आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में गांव की शांति और आपसी भाईचारे को भंग नहीं होने दिया जाएगा.
10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
मामले में ग्रामीणों की ओर से 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान करने में जुटी है.
नवतन मोड़ से माड़र घाट तक निकला मार्च
घटना के विरोध में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने नवतन मोड़ से माड़र घाट तक जन आक्रोश मार्च निकाला. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की. मार्च में रमेश बैठा, राजेश राम, इंद्रजीत राय, सीता पाल, सरोज राम, ललन बैठा, अनिल कुमार समेत दो दर्जन से अधिक भाकपा माले कार्यकर्ता शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए