गोपालगंज के कटेया में बंद घर का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, गहने और नकदी ले गये चोर
चोरी की घटना के बाद बिखरा घर का सामान
कटेया थाना क्षेत्र के रसौती गांव में चोरों ने एक बंद घर से करीब पांच लाख रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान चुरा लिए. परिवार के सदस्यों के मेरठ में रहने के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस चोरों की तलाश कर रही है.
Gopalganj News: कटेया थाना क्षेत्र के साधु चौक के समीप रसौती गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिये. परिवार के सदस्यों के मेरठ में रहने के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया. गृहस्वामी सुमित राय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कटेया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
आपके शहर में
परिवार के मेरठ रहने के दौरान हुई चोरी
प्राथमिकी के अनुसार, सुमित राय का परिवार 27 जुलाई से मेरठ में रह रहा है. उनके माता-पिता भी इलाज के लिए मेरठ गये हुए थे. घर में किसी के नहीं रहने के कारण मकान बंद था.
21 अगस्त की शाम घर के किरायेदार बाहर की बत्ती जलाने पहुंचे, तो दरवाजे की स्थिति संदिग्ध लगी. उन्होंने इसकी सूचना फोन पर सुमित राय के पिता को दी. परिजनों के निर्देश पर किरायेदार ने घर के अंदर जाकर देखा, तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था. अलमारी भी टूटी हुई थी.
चार लाख के आभूषण और एक लाख नकद चोरी
इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पीड़ित के अनुसार, अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान गायब मिले.
इसके बाद गृहस्वामी की ओर से कटेया थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. पुलिस ने चोरी गये सामान और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
रेकी कर चोरी करने की आशंका
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की थी या उन्हें परिवार के बाहर रहने की जानकारी थी.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए