गोपालगंज के कुचायकोट में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, स्थायी लोक अदालत में सुलह-समझौते से होगा विवादों का निपटारा
लोगों को कानूनी जानकारी देते अधिवक्त
National Lok Adalat: कुचायकोट प्रखंड के बनतैल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण और सुलह-समझौते से विवाद निपटारे की जानकारी दी गई. आगामी 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तार से बताया गया.
National Lok Adalat: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को कुचायकोट प्रखंड के बनतैल पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण और सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के निपटारे की जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
अधिवक्ता संजीव और पीएलवी मुकेश कुमार बैठा की टीम ने प्रतिभागियों को बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण, बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी तथा बच्चों के नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी.
12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
कार्यक्रम के दौरान आगामी 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गयी. लोगों को बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, ग्राम कचहरी के लंबित मामले, सुलहनीय आपराधिक वाद, श्रम विवाद, माप-तौल वाद और ट्रैफिक चालान समेत विभिन्न सुलहनीय मामलों का समझौते के आधार पर निपटारा कराने के लिए संबंधित न्यायालय, विभाग या लोक अदालत कार्यालय से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया.
स्थायी लोक अदालत में जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई
अधिवक्ता ने बताया कि कोर्ट परिसर में स्थायी लोक अदालत की स्थापना की गयी है. यहां जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित और सुलहपूर्ण समाधान किया जाता है.
स्थायी लोक अदालत में बिजली, बैंकिंग, बीमा, शिक्षा, अस्पताल, डाक, टेलीफोन, परिवहन, स्वच्छता, आवास एवं रियल एस्टेट तथा ट्रैफिक चालान सहित अन्य अधिसूचित जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई होती है.
उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है और सभी संबंधित पक्षों पर बाध्यकारी होता है.
कल्याणकारी योजनाओं की भी दी गयी जानकारी
कार्यक्रम के अंत में पीएलवी मुकेश कुमार बैठा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित हैंडबिल वितरित किए. ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया अब्दुल रहीम, सरपंच हरिनाथ प्रसाद, अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए