गोपालगंज के स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी पूरी, 15 सितंबर से शुरू होगा मूल्यांकन
फोटो: कक्षा में शामिल छात्र छात्राएं
गोपालगंज के स्कूलों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू होगी, जो 15 से 20 सितंबर तक चलेगी. पहली से दूसरी कक्षा का मूल्यांकन मौखिक और तीसरी से आठवीं तक का लिखित होगा. शिक्षा विभाग ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
Half Yearly Exam: जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक व मध्य विद्यालयों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू होगी. कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 15 से 20 सितंबर तक आयोजित की जायेगी. परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
कदाचार पर रोक लगाने के लिए एक विद्यालय के शिक्षकों को दूसरे विद्यालय में वीक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है. शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति बीआरसी और सीआरसी स्तर से की जायेगी. वहीं परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तर से पदाधिकारियों को प्रखंडवार जिम्मेदारी दी गयी है.
कक्षा एक और दो का मौखिक, तीन से आठवीं तक लिखित मूल्यांकन
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश के आलोक में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए सभी प्रखंडों में प्रश्नपत्र-सह-उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करा दी गयी है. कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का मूल्यांकन मौखिक होगा, जबकि कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा ली जायेगी.
विद्यालयों में परीक्षा के साथ नियमित शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी रहेंगी. मध्याह्न भोजन भी निर्धारित समय पर बच्चों को मिलता रहेगा.
डीइओ अमरेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों को वीक्षक के रूप में लगाया गया है. परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता न हो, इसके लिए जिला स्तर से लगातार निगरानी की जायेगी.
15 से 18 सितंबर तक दो पालियों में होगी परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 से 18 सितंबर तक दोनों पालियों में परीक्षा होगी. इसके बाद 19 और 20 सितंबर को सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन और ग्रेडिंग की जायेगी. मकतब और उर्दू विद्यालयों में निर्धारित विषयों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जायेगी.
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर एक बजे से तीन बजे तक होगी.
21 से 25 सितंबर तक होगी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच
परीक्षा समाप्त होने के बाद कक्षा तीन से आठवीं तक की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच निकटस्थ स्कूल कॉम्प्लेक्स या संकुल स्तर पर की जायेगी. 21 से 25 सितंबर तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया जायेगा.
विद्यार्थियों के परिणाम को मूल्यांकन पंजी, मूल्यांकन प्रपत्र और प्रगति पत्रक में दर्ज किया जायेगा. 26 सितंबर को सभी विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित होगी. इसमें अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी जायेगी. सी, डी और इ ग्रेड पाने वाले बच्चों के लिए आगे की शैक्षणिक रणनीति भी तय की जायेगी.
दूसरे विद्यालय के शिक्षक करेंगे वीक्षण कार्य
परीक्षा में कदाचार पर रोक लगाने के लिए एक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक को दूसरे विद्यालय में वीक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया जायेगा. विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक केंद्राधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे. शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति बीआरसी और सीआरसी स्तर से की जायेगी.
जिला स्तर पर संचालित होगा नियंत्रण कक्ष
परीक्षा के सफल संचालन और निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा. यहां तैनात कर्मी परीक्षा से जुड़ी समस्याओं और सूचनाओं की निगरानी करेंगे. आरपी सिंह को जिला नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी बनाया गया है.
नियंत्रण कक्ष में जिला तकनीकी सदस्य राकेश कुमार और श्वेता गुप्ता, प्रखंड सेवी सुजीत कुमार और सुनील कुमार तथा भंडारण के लिए राहुल कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है.
प्रखंडवार निगरानी की जिम्मेदारी तय
कुचायकोट, थावे और हथुआ: स्थापना डीपीओ विनय कुमार सुमन
बैकुंठपुर, सिधवलिया, बरौली, मांझा, गोपालगंज, भोरे और विजयीपुर: प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा डीपीओ शिवम
कटेया, फुलवरिया, पंचदेवरी और उचकागांव: एमडीएम डीपीओ लखीन्द्र दास
परीक्षा शेड्यूल एक नजर में
| तारीख | पहली पाली | दूसरी पाली |
| 15 सितंबर | हिन्दी/उर्दू/बांग्ला, कक्षा 1-8 | विज्ञान, कक्षा 6-8 |
| 16 सितंबर | अंग्रेजी, कक्षा 1-8 | सामाजिक विज्ञान, कक्षा 3-8 |
| 17 सितंबर | गणित, कक्षा 1-8 | संस्कृत, कक्षा 6-8 |
| 18 सितंबर | सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन व ग्रेडिंग | — |
| 19 सितंबर | हिन्दी द्वितीय भाषा/अहिन्दी भाषी, कक्षा 3-8 | — |
| 20 सितंबर | सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन व ग्रेडिंग, मकतब/उर्दू विद्यालय | — |
| 21-25 सितंबर | उत्तर पुस्तिकाओं की जांच व मूल्यांकन | — |
| 26 सितंबर | शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) | — |
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए