गोपालगंज में पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल, दारोगा भी हुए जख्मी

Updated:
विज्ञापन
गोपालगंज में पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल, दारोगा भी हुए जख्मी

Gopalganj News: गोपालगंज के श्रीपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के अनुसार फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक संदिग्ध तस्कर घायल हो गया और एक दारोगा भी जख्मी हुए. मौके से शराब लदी स्कॉर्पियो और देसी कट्टा बरामद किया गया.

विज्ञापन

Gopalganj News ( सुरेश राय/राकेश कुमार/ मनीष राज) गोपालगंज जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र के बंशी बतरहा गांव के समीप सोमवार देर रात पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध तस्कर घायल हो गया, जबकि वाहन रोकने के दौरान एक दारोगा भी जख्मी हो गए.

वाहन जांच के दौरान मिली थी सूचना

जानकारी के अनुसार श्रीपुर थाना के दारोगा संतोष कुमार पुलिस बल के साथ भोरे-मीरगंज मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चला रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने बंशी बतरहा स्थित मिक्सी प्लांट के पास घेराबंदी की.

पुलिस का दावा, चालक ने कुचलने की कोशिश की

पुलिस के मुताबिक वाहन को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने स्कॉर्पियो को पीछे करते हुए दारोगा को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद वाहन में सवार एक संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग की.

जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध घायल

पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी किशन कुमार के जबड़े में गोली लगी. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया.

शराब लदी स्कॉर्पियो और देसी कट्टा बरामद

घटनास्थल से पुलिस ने शराब लदी स्कॉर्पियो और एक देसी कट्टा बरामद करने का दावा किया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

SP ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के अनुसार तस्करों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: बेऊर जेल से बाहर निकले रौशन आनंद, बोले- फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने कराई भाई की हत्या

विज्ञापन
Vivek Pandey

लेखक के बारे में

By Vivek Pandey

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 7 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 न्यूज़ चैनल से की. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कार्यरत हैं.

बिहार की राजनीति, प्रशासन, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग करते हैं. राज्य की राजनीतिक गतिविधियों, नीतिगत फैसलों और उनके आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण करना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. इसके साथ ही वे कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन