गोपालगंज के मीरगंज में अतिक्रमण से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, हर दिन जाम से बेहाल हो रहे लोग

Gopalganj News: मीरगंज शहर में सड़क तक फैली दुकानों और अतिक्रमण से ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल हो गई है. एंबुलेंस भी जाम में फंस रही हैं। नगर परिषद ने जल्द विशेष अभियान चलाने की बात कही है.
Gopalganj News: गोपालगंज जिले के मीरगंज शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गयी है. मुख्य चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर स्थानीय दुकानदारों एवं फुटपाथी विक्रेताओं के अतिक्रमण के कारण शहर दिनभर जाम की भयंकर समस्या से जूझ रहा है. हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई प्रमुख मार्गों पर आम लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है, जबकि बड़े और छोटे वाहन घंटों रेंगने को मजबूर हैं.
सड़कों तक फैली हैं दुकानें
यातायात को लेकर सबसे अधिक परेशानी शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों हथुआ मोड़, राजेंद्र चौक, मरछिया देवी चौक और मुख्य बाजार रोड पर देखने को मिल रही है. यहां कई रसूखदार दुकानदारों ने अपनी दुकानों का विस्तार मुख्य सड़क तक कर लिया है. फुटपाथ तो पहले ही पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुके हैं, अब बची-खुची मुख्य सड़क पर भी ठेले और अस्थाई दुकानें सजने से सुगम यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है.
जाम में फंस रहीं एंबुलेंस
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि दिनभर लगने वाले इस जाम के कारण मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी समय पर नहीं निकल पाते हैं. इससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना होने की आशंका बनी रहती है. विशेष रूप से हथुआ मोड़ और मरछिया देवी चौक पर यातायात का दबाव अधिक होने से दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं.
स्थायी समाधान निकालने में विफलता
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मीरगंज पुलिस ने इन प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों और चौकीदारों की नियमित तैनाती कर रखी है. स्थानीय पुलिस और नगर परिषद प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाते रहे हैं, लेकिन जैसे ही प्रशासनिक कार्रवाई की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती है, अतिक्रमणकारी फिर से मुख्य सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं. इससे इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है.
नगर परिषद चलाएगा विशेष अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद मीरगंज की सभापति अनिता देवी ने बताया कि मीरगंज शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है. सड़क पर किये गये इस अवैध अतिक्रमण को हटाने की दिशा में प्रशासनिक पहल शुरू कर दी गयी है. फिलहाल मुख्य चौक-चौराहों पर ठेला व दुकान लगाने वालों से स्वतः सड़क खाली रखने की अपील की गयी है. यदि इसके बावजूद अतिक्रमण जारी रहता है तो नगर परिषद की ओर से पुलिस बल के साथ विशेष अभियान चलाकर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: गोपालगंज: हथुआ जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर धरना, रेल रोको आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










