गोपालगंज: मीरगंज रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण में देरी, जाम और बारिश से बढ़ी लोगों की मुश्किलें

Author Prashant pathak|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

साहू जैन रेलवे ढाला पर बारिश के बिच जाम में फंसे लोग | Prabhat Khabar Network

Gopalganj News: गोपालगंज के मीरगंज में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब तक शुरू न होने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है. मानसून की पहली बारिश ने समस्या को और गंभीर बना दिया, जिससे सैकड़ों लोग घंटों जाम में फंसे रहे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के माध्यम से लोग जल्द निर्माण की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के मीरगंज शहर के व्यस्त साहू जैन रेलवे ढाला पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. मानसून की शुरुआत के साथ बुधवार को हुई तेज बारिश ने वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या को फिर से उजागर कर दिया. रेलवे फाटक बंद होने के कारण सैकड़ों लोग खुले आसमान के नीचे घंटों जाम में फंसे रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जलजमाव और कीचड़ के बीच लोग बारिश में भीगने को पूरी तरह मजबूर हुए. इस अव्यवस्था की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं. इन वीडियो के माध्यम से स्थानीय लोग जिला प्रशासन, राज्य सरकार और संबंधित रेल विभागों से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की पुरजोर मांग कर रहे हैं, ताकि रोज-रोज के इस नरक से मुक्ति मिल सके.

बरसात में विकराल हुई समस्या

स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज को तकनीकी रूप से काफी पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक धरातल पर निर्माण कार्य का शुरू नहीं होना समझ से परे है. बरसात के मौसम में जब भी ट्रेन गुजरती है और रेलवे फाटक बंद होता है, तो सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग जाती हैं.

एंबुलेंस भी फंस रही जाम में

इस भीषण जाम में स्कूली बसें, आपातकालीन एंबुलेंस, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, स्थानीय व्यापारी और आम राहगीर घंटों फंसे रहते हैं. इससे लोगों का समय और कीमती ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं. सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब गंभीर मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है. कई बार मरीजों की जान पर भी खतरा मंडराने लगता है.

सांसद की पहल पर मंजूरी

क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों ने बताया कि गोपालगंज के जदयू सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन की विशेष पहल पर वर्ष 2025 में केंद्र सरकार ने रेल मंत्रालय के माध्यम से मीरगंज, तुरुकहा तथा सिपाया-जलालपुर में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की बड़ी मंजूरी दी थी. इन सभी परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य वीआईपी रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से आम जनता को राहत दिलाना था.

जल्द काम शुरू करने की मांग

हालांकि, इस बड़ी मंजूरी मिलने के काफी समय बाद भी मीरगंज के साहू जैन रेलवे ढाला पर प्रशासनिक शिथिलता के कारण निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका है. स्थानीय बुद्धिजीवियों, युवाओं और व्यवसायियों का कहना है कि आरओबी बनने से मीरगंज शहर को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से हमेशा के लिए स्थायी राहत मिलेगी. लोगों ने सरकार से अविलंब काम शुरू कराने की अपील की है.

Also Read: गोपालगंज के कटेया में वज्रपात से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से झुलसा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन