गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक

Updated:
विज्ञापन

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक करते डीएम व अन्य

गोपालगंज में आगामी त्योहारों और महावीरी अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीजे, अश्लील प्रदर्शन और हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया.

विज्ञापन

Mahaviri Akhada Procession: रक्षाबंधन सहित आगामी पर्व-त्योहारों एवं महावीरी अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने की. इसमें जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीएम ने जिलेवासियों से सर्वधर्म समभाव और आपसी सद्भाव के साथ पर्व-त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि गोपालगंज की पहचान सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक सहयोग की रही है. इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सोशल मीडिया साइटों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से भ्रामक सूचना और अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी. ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और उसकी पुष्टि प्रशासन या पुलिस के अधिकृत माध्यम से ही करें.

महावीरी अखाड़ा जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी अखाड़ा आयोजन समितियों को जुलूस निकालने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी.

डीएम ने कहा कि प्रत्येक लाइसेंसधारक पर्याप्त संख्या में पहचान-पत्रयुक्त स्वयंसेवकों की व्यवस्था करेगा. जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित लाइसेंसधारक की होगी.

जुलूस में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

डीएम ने स्पष्ट किया कि महावीरी अखाड़ा जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, प्रशासनिक अनुमति के अनुरूप लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकेगा.

जुलूस के दौरान अश्लील गीत, अश्लील नृत्य और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक प्रस्तुति पर भी पूर्ण रोक रहेगी. डीएम ने सभी डीजे संचालकों को बाउंड डाउन करने का निर्देश दिया.

हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक

डीएम ने कहा कि जुलूस और पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अखाड़ा समितियों के साथ बैठक कर जुलूस मार्ग और संवेदनशील स्थलों को पहले से चिन्हित करें.

चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और विशेष निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. प्रशासन ने पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया.

फोटो नं 03- शांति समिति की बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network

जुलूस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश

डीएम ने एसडीओ को जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जुलूस निकलने से पहले सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक कमियों को दूर किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

प्रशासन ने सहयोग की अपील की

बैठक के अंत में डीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, अखाड़ा समितियों, युवाओं और आम नागरिकों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही जिले में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण, अनुशासित और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराए जा सकते हैं.

बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, हथुआ एसडीओ अभिषेक कुमार चंदन, एसडीपीओ हथुआ आनंद कुमार गुप्ता, डीएसपी मुख्यालय विजय मिश्र सहित अन्य वरीय अधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन