गोपालगंज की लापता युवती बलिया में मिली, डेटिंग ऐप से शुरू हुई प्रेम कहानी
Gopalganj Lesbian Couple: गोपालगंज के भोरे से लापता युवती उत्तर प्रदेश के बलिया में दूसरी युवती के साथ मिली. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की मुलाकात डेटिंग ऐप पर हुई थी और चार साल से रिश्ते में थीं.
Gopalganj Lesbian Couple: (सुरेश कुमार राय) गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव से 24 अप्रैल को लापता हुई एक बालिग युवती का मामला पुलिस जांच में अप्रत्याशित मोड़ ले लिया. जिस मामले को पुलिस गुमशुदगी और संभावित अपहरण के दृष्टिकोण से जांच रही थी, उसमें पता चला कि युवती उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की एक अन्य युवती के साथ रह रही थी. पुलिस ने दोनों को बरामद कर भोरे थाना लाया है. अब कानूनी प्रक्रिया के तहत युवती का न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा.
एक महीने बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी
जानकारी के अनुसार, भोरे थाना क्षेत्र की रहने वाली काजल (बदला हुआ नाम) 24 अप्रैल को घर से अचानक लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद करीब एक महीने बाद युवती की मां ने भोरे थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. शिकायत में एक संदिग्ध मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी.

मोबाइल लोकेशन से खुला पूरा मामला
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन खंगाली. जांच में लोकेशन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की मिली. इसके बाद भोरे पुलिस की टीम बलिया पहुंची, जहां लापता युवती एक अन्य युवती आरती (बदला हुआ नाम) के साथ रह रही थी. पुलिस ने दोनों को बरामद कर गोपालगंज ले आई.
डेटिंग ऐप पर हुई थी दोस्ती, चार साल में प्यार में बदला रिश्ता
पुलिस पूछताछ में दोनों युवतियों ने बताया कि उनकी मुलाकात करीब चार वर्ष पहले एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लंबे समय से रिश्ते में थीं. दोनों ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से साथ रहने का फैसला किया है और अब अलग नहीं होना चाहतीं.

बालिग होने के कारण कानूनी प्रक्रिया पर रहेगा आगे का फैसला
पुलिस के अनुसार, भोरे की युवती बालिग है. ऐसे में न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा. बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि यह स्थापित होता है कि वह अपनी इच्छा से गई थी और किसी प्रकार का दबाव नहीं था, तो उसी के अनुरूप आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
भारत में क्या है कानूनी स्थिति?
भारत में वयस्कों के बीच सहमति से बने समलैंगिक संबंध कानूनी हैं. हालांकि, समलैंगिक विवाह को अभी कानूनी मान्यता प्राप्त नहीं है. ऐसे मामलों में यदि दोनों पक्ष बालिग हों और अपनी इच्छा से साथ रह रहे हों, तो न्यायालय उनके बयान और परिस्थितियों के आधार पर आगे का निर्णय करता है.
इसे भी पढ़ें: बतरे नदी को बचाने की जरुरत, औरंगाबाद के सैकड़ों गांवों में नीचे जा रहा वाटर लेवल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










