राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे के विरोध में गोपालगंज में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका
शहर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताते कांग्रेस कार्यकर्ता
राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका. हल्द्वानी की घटना को लेकर भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता पर निशाना साधा गया.
Gopalganj Congress protest: राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की.
आपके शहर में
हल्द्वानी की घटना को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मैदान के कथित शुद्धिकरण की घटना ने भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को उजागर किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को मजबूती से उठाते हुए दलित समाज के सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद की है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें डराने और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है.

दलित, पिछड़े और वंचितों की आवाज उठाने का दावा
ओम प्रकाश गर्ग ने कहा कि राहुल गांधी किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचितों की आवाज बनकर खड़े हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान, समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों में विश्वास करती है.
मुकदमों के जरिये विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है. मुकदमों के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया जाता और दलित एवं वंचित वर्गों के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित नहीं होती, कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी.
प्रदर्शन में ये कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में समसुल इरीन, शकील अख्तर, सरवर अली, रियाज अहमद, अली हुसैन, विनोद यादव, रियाजुद्दीन अंसारी, अनीता तिवारी, शेख रियाज, शंभू सिंह कुशवाहा, मो मेराजुद्दीन, सत्तार अली, शमीम शेख, अमरजीत राम, अनूप, टुनटुन अहमद, इकरार अहमद, मंसूर आलम, खुश मोहम्मद, शैलेन्द्र पांडेय, मनीष कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए