गोपालगंज में पुलिस का डर दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय, सुबह टहलने वालों को बना रहे निशाना
शहर में पुलिस बनकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है, जो सुबह टहलने वालों को निशाना बना रहा है. गिरोह के सदस्य सोने के आभूषण उतरवाकर मौका देखते ही फरार हो जाते हैं. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
Gopalganj fake police gang: शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को रोकने और सोने के आभूषण उतरवाकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है. गिरोह के सदस्य खासकर सुबह टहलने या काम के लिए घर से निकलने वाले लोगों को निशाना बना रहे हैं. बदमाश लोगों को रोककर कहते हैं कि पुलिस ने सुबह सोने की चेन और अंगूठी पहनकर निकलने पर रोक लगा दी है. इसके बाद आभूषण उतरवाने के दौरान हाथ की सफाई से चेन और अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो जाते हैं.
आपके शहर में
शिक्षा विभाग के गेट के पास लाखों के आभूषण लेकर फरार
तीन अगस्त को मारवाड़ी मुहल्ला निवासी मनीष कुमार सिंह ने नगर थाने में आवेदन देकर बताया कि शिक्षा विभाग के गेट के पास दो अज्ञात बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनकी सोने की चेन और दो अंगूठियां उतरवा लीं. इसके बाद दोनों हेलमेट पहनकर बाइक से बंजारी मोड़ की ओर फरार हो गये.
पीड़ित के अनुसार, सोने की चेन की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये और दोनों अंगूठियों की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये थी. इस तरह बदमाश करीब आठ लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गये.
वरीय अधिवक्ता को भी बनाया निशाना, सूझबूझ से बची ठगी
डाकघर चौक के समीप आयकर विभाग के वरीय अधिवक्ता कुमार हर्षवर्द्धन को भी बदमाशों ने निशाना बनाने की कोशिश की. चार युवकों ने उन्हें रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया. बदमाशों ने उनसे सोने की चेन और अंगूठी उतारकर कागज में लपेटकर रखने को कहा.
अधिवक्ता को बदमाशों की बातों पर संदेह हुआ. उन्होंने तुरंत एसपी को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला. यह देखते ही चारों बदमाश मौके से फरार हो गये. उनकी सूझबूझ से ठगी होने से बच गयी.
सुबह के समय लोगों को बना रहे निशाना
शहर में सामने आये मामलों में बदमाशों के तौर-तरीके लगभग एक जैसे हैं. वे सुबह के समय सड़क पर निकलने वाले लोगों को रोकते हैं और खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके मन में डर पैदा करते हैं. इसके बाद सुरक्षा के नाम पर सोने के आभूषण उतारने को कहते हैं और मौका मिलते ही जेवर लेकर बाइक से भाग जाते हैं.
पुलिस की अपील, अजनबियों के झांसे में न आएं
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर सड़क पर रोकता है और सोने की चेन, अंगूठी या अन्य कीमती सामान उतारने को कहता है, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं. ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना दें. किसी भी परिस्थिति में अपना सोना या अन्य कीमती सामान किसी अजनबी के हाथ में न दें.
पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि संदिग्ध बाइक सवार या इस तरह की गतिविधि दिखाई देने पर सुरक्षित स्थान से तुरंत पुलिस को सूचना दें.
गिरोह के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना मिलते ही गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए