कटेया-भोरे मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौत, तीन घायल
घटना के बाद अस्पताल की तस्वीर
कटेया-भोरे मुख्य मार्ग पर पानन गांव के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Gopalganj Road Accident: कटेया-भोरे मुख्य मार्ग पर पानन गांव के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए कटेया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
आपके शहर में
हादसे में इन दो युवकों की हुई मौत
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बघउच थाना क्षेत्र के मालवा बार मुसहर टोली गांव निवासी भद्दर मंडल के 30 वर्षीय पुत्र वकील मंडल और सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव निवासी दीनानाथ राजभर के 25 वर्षीय पुत्र धनु राजभर के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि वकील मंडल वर्तमान में कटेया थाना क्षेत्र के समोगर गांव स्थित अपने ससुराल में रहते थे. गुरुवार को वह समोगर से पानन महुआवा गांव धान की सोहनी करने के लिए जा रहे थे. एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल थीं.
पानन गांव के समीप हुई जोरदार टक्कर
पानन गांव के समीप पहुंचते ही वकील मंडल की बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे में पांच लोग घायल हुए, जिनमें तीन लोगों को मामूली चोटें आयीं, जबकि दोनों बाइक चालकों की मौत हो गयी.
बताया जाता है कि धनु राजभर किसी काम से बाइक से कटेया की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गयी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
मुंबई में मजदूरी करते थे वकील मंडल
परिजनों के अनुसार, वकील मंडल तीन भाइयों में मंझले थे. उनकी शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी. उनके एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं. वह मुंबई में मजदूरी करते थे और करीब दो महीने पहले ही गांव लौटे थे.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये दोनों शव
घटना की सूचना मिलने के बाद कटेया पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए