gopalganj news. ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत

नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के समीप हुई दुर्घटना, कुचायकोट सत्ती स्थान के निवासी सालमगिर अंसारी व उनकी पुत्री खुशबू खातून
गोपालगंज. हाइवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को रौंद दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गयी. घटना नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के समीप शनिवार की देर शाम रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा. मृतकों की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुचायकोट सत्ती स्थान निवासी सालमगिर अंसारी और उनकी पुत्री खुशबू खातून के रूप में की गयी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी अनियंत्रित था. चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन नहीं रोका. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता-पुत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. बाइक सवार पिता- पुत्री की क्षत-विक्षत शव को लोग देख भी नहीं पा रहे थे. हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
शब-ए-बारात के लिए गये थे कपड़ा खरीदने
सब-ए-बरात के मौके पर सालमगीर अंसारी अपनी पुत्री के साथ शहर में कपड़े की खरीदारी करने आये थे. खरीदारी के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कोन्हवा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. परिजनों को सूचना मिली तो कोहराम मच गया. घटना से आसपास के लोग भी सदमें में आ गये है.सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
नगर थाना की पुलिस ने ट्रक की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके. नगर थाने की पुलिस शव की पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंपने में कानूनी कार्रवाई में जुटी थी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




