गोपालगंज में DM का औचक निरीक्षण, दाखिल-खारिज और लंबित भूमि मामलों पर सख्ती; आधार केंद्र पर कार्रवाई का निर्देश
फोटो नं 10- सिधवलिया में लोगाें की शिकायत को सुनते डीएम | Prabhat Khabar Network
डीएम समीर सौरभ ने सिधवलिया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर लंबित भूमि मामलों और जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
Gopalganj News : बिहार सरकार के निर्देश पर जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने मंगलवार को सिधवलिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. डीएम ने इस दौरान कार्यालयीन कार्यों, विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की जांच की. साथ ही प्रखंड और अंचल में संचालित योजनाओं तथा लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की.
दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों पर डीएम सख्त
अंचल कार्यालय में डीएम ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत अन्य भूमि संबंधी लंबित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. अमीनों और राजस्व कर्मचारियों से आम लोगों के कार्यों का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
आरटीपीएस आवेदनों पर भी समय पर कार्रवाई का निर्देश
डीएम ने आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए.
योजनाओं और जनगणना कार्य की भी हुई समीक्षा
प्रखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं और लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा. उन्होंने जनगणना से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया.
आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाएं दुरुस्त रखने का आदेश
बाल विकास परियोजना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर भवन, पेयजल, शौचालय और बिजली समेत जरूरी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को भी कहा.
आधार केंद्र पर ऑपरेटर नहीं मिला, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आधार केंद्र पर ऑपरेटर के अनुपस्थित रहने की शिकायत सामने आई. डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आधार केंद्र के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और प्रमाण-पत्र रद्द करने की कार्रवाई का निर्देश दिया.
लोगों से सीधे सुनी शिकायतें
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय परिसर में मौजूद आम लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों की तत्काल जांच कर नियमानुसार समाधान करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए