जदयू विधायक के बॉडीगार्ड समेत 2 पुलिस जवान सस्पेंड, कार से मिली थी 37 कार्टन विदेशी शराब
गोपालगंज पुलिस की सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: गोपालगंज में शराब तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. जदयू विधायक के बॉडीगार्ड समेत दो पुलिस जवानों को 37 कार्टन विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद दोनों को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है.
Bihar News: गोपालगंज में शराब तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. बरौली से जदयू विधायक मंजीत सिंह के बॉडीगार्ड अमित कुमार और एसपी ऑफिस के टेक्निकल सेल में तैनात जवान राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. दोनों को 37 कार्टन विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था. एसपी विनय तिवारी ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया.
आपके शहर में
यूपी से बिहार ला रहे थे शराब की खेप
पुलिस के अनुसार, सिपाही अमित कुमार देर रात विधायक आवास की ड्यूटी छोड़कर अपनी निजी कार से यूपी शराब लेने गया था. उसके साथ राहुल कुमार भी मौजूद था. बिहार लौटने के दौरान गोपालपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के समय पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.
कार की तलाशी लेने पर 37 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई. इस मामले में कुचायकोट थाना क्षेत्र के मलही गांव निवासी अहमद रजा खान उर्फ सारूक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसे शराब तस्करी का बड़ा कारोबारी बताया जा रहा है.
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
विधायक बोले- पहले से संदिग्ध था गार्ड
जदयू विधायक मंजीत सिंह ने कहा कि अंगरक्षक अमित कुमार की गतिविधियां पहले से संदिग्ध लग रही थीं. उन्होंने दावा किया कि चार दिन पहले ही उसे हटाने के लिए विभाग को पत्र लिखा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
Also Read: ओसामा शहाब की गिरफ्तारी के लिए पटना पहुंची सीवान पुलिस, कोर्ट स्टे की जानकारी मिलते ही लौटी टीम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए