अल्पावास गृह संचालक एनजीओ का कांट्रैक्ट रद्द होते ही प्रशासनिक कार्रवाई शुरू

Updated at : 10 Aug 2018 4:45 AM (IST)
विज्ञापन
अल्पावास गृह संचालक एनजीओ का कांट्रैक्ट रद्द होते ही प्रशासनिक कार्रवाई शुरू

गोपालगंज : अल्पावास गृह गोपालगंज से दो युवतियों के गायब होने के मामले में एनजीओ आईकार्ड का कांट्रेक्ट रद्द होने तथा उसे ब्लैक लिस्टेड करने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गयी है. प्रशासन की कड़ी सुरक्षा में अल्पावास गृह की युवतियों को सीवान ट्रांसफर किया गया. इसके बाद अल्पावास गृह में ताला जड़ दिया […]

विज्ञापन

गोपालगंज : अल्पावास गृह गोपालगंज से दो युवतियों के गायब होने के मामले में एनजीओ आईकार्ड का कांट्रेक्ट रद्द होने तथा उसे ब्लैक लिस्टेड करने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गयी है. प्रशासन की कड़ी सुरक्षा में अल्पावास गृह की युवतियों को सीवान ट्रांसफर किया गया. इसके बाद अल्पावास गृह में ताला जड़ दिया गया. अल्पावास गृह के रिकाॅर्ड और सामान की इंवेंट्री बनाने के बाद अल्पावास गृह का ताला खुलेगा. गुरुवार की शाम अनुमंडल पदाधिकारी शैलेश कुमार दास के नेतृत्व में प्रशासन के अधिकारियों ने जादोपुर रोड स्थित अल्पावास गृह पहुंचकर सात युवतियों को कड़ी सुरक्षा में सीवान शिफ्ट कराया.

इसमें एक नाबालिग भी शामिल है. नाबालिग को बालिका सुधार गृह में भेजने के लिए निर्देशित किया गया है. अल्पावास गृह के शिफ्ट होने के साथ ही आईकार्ड एनजीओ के कर्मियों पर भी अब तलवार लटकने लगी है. जादोपुर रोड स्थित महिला अल्पावास गृह से पांच अक्तूबर, 2017 की रात निकली कटेया के खदही गांव की दूजा कुमारी व महाराष्ट्र के ठाणे की अनुराधा गायब हो गयीं. अल्पावास गृह की कर्मी सुनिधि कुमारी ने इसकी सूचना नगर थाने को दी. लेकिन तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार ने सनहा दर्ज करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की. जब मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड सामने आया तो जिला प्रशासन सख्त हुआ और आनन-फानन में 25 जुलाई को दोनों युवतियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.
डीपीएम प्रेम प्रकाश फटकार के बाद पहुंचे
गोपालगंज के अल्पावास गृह से युवतियों को सीवान शिफ्ट कराने का प्रशासनिक आदेश डीपीएम प्रेम प्रकाश को दिया गया था. दोपहर तक वे युवतियों को शिफ्ट कराने नहीं पहुंचे. इसकी जानकारी जब आईसीडीएस की डीपीओ संगीता कुमारी को मिली तो उन्होंने कड़ी फटकार लगायी. इसके बाद डीपीएम गोपालगंज पहुंचे. तब जाकर युवतियों को शिफ्ट करने का कार्य शुरू हो सका. अल्पावास गृह से सामान और रिकॉर्ड को सीवान पहुंचाने के लिए डीटीओ से विभाग ने ट्रक की मांग की है.
युवतियों का लखनऊ में लोकेशन खंगाल रही पुलिस
अल्पावास गृह से गायब दो युवतियों की तलाश के लिए गठित पुलिस टीम लखनऊ में युवतियों के लोकेशन को खंगाल रही है. पिछले दो दिनों से यूपी में छापेमारी चल रही है. डीआईजी विजय कुमार वर्मा से अनुमति मिलते ही स्पेशल टास्क फोर्स यूपी पुलिस के सहयोग से देवरिया और लखनऊ में युवतियों की बरामदगी के लिए छापेमारी में जुटी है. पिछले 25 जुलाई से पुलिस टीम खाक छान रही है. इसके लिए पुलिस मुंबई के साथ ठाणे में अनुराधा के परिजनों की तलाश कर चुकी है. युवतियों के गायब होने के पीछे बड़े लोगों के हाथ होने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता.
युवतियों के बरामदगी पर संशय बरकरार
अल्पावास गृह से गायब युवतियों की बरामदगी को लेकर संशय बरकरार है. जानकार बताते है कि आये दिन लड़कियां और स्टाफ आपस में मारपीट करते थे. यहां की लड़कियां स्टाफ के साथ बाहर जाती थी और रात भर बाहर रहती थीं. यहां बाहरी लड़के भी आते-जाते थे. कई पुलिस और प्रशासन के लोगों का भी आना-जाना रहता था. इसकी वजह से हर कोई परेशान रहता थे. बड़े रसूख वाले के संलिप्त होने के कारण उनका चेहरा उजागर न हो इसके लिए युवतियों की हत्या से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है. लड़कियों के गायब होने के कुछ ही दिनों बाद लगभग चार पांच अज्ञात युवतियों का शव बरामद किया गया है. जादोपुर थाना क्षेत्र के दियारा में दुर्गापूजा में एक युवती की सिरकटी लाश नदी के किनारे से बरामद की गयी थी. इन मामलों का खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर सकी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन